Amritsar News: पंजाब के अमृतसर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. फतेहगढ़ चुरियन रोड से सटी बाबा दीप सिंह कॉलोनी में एक महिला ने प्रेम विवाद के चलते अपने प्रेमी के घर में आग लगा दी. इस भीषण आगजनी में पीड़ित परिवार का पूरा घर और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पीड़ित युवक की पत्नी ने अपनी छह महीने की बच्ची को गोद में लिए मीडिया के सामने रोते हुए अपना दुख व्यक्त किया. उसने बताया कि वह घर में लेटी हुई थी, तभी अचानक आरोपी महिला घर में घुस आई और अलमारी खोलने लगी. जब उसने महिला को रोका और पूछा कि वह क्या कर रही है, तो आरोपी महिला ने उसका फोन और पैसे मांगने शुरू कर दिए.
पीड़ित की पत्नी ने पुलिस से की शिकायत
इसके बाद आरोपी महिला ने अलमारी से पैसे निकाले और उसे और उसके मासूम बच्चे को घर से बाहर धकेल दिया. फिर वह पेट्रोल की बोतल और लाइटर लेकर आई और पूरे घर में आग लगा दी. पीड़ित की पत्नी ने आगे बताया कि उसकी शादी को चार साल हो गए हैं और कुछ समय से उसके पति का आरोपी महिला के साथ अफेयर चल रहा है. परिवार के बहुत समझाने के बावजूद वह महिला हमारे पति को छोड़ने को तैयार नहीं है. बल्कि, वह हमें घर से निकालने की धमकी दे रही है.
4 से 5 लाख रुपये का नुकसान
परिवार के बुजुर्गों और पड़ोसियों के अनुसार, इस घटना में उन्हें 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. अलमारी में रखे सभी घरेलू सामान, कपड़े, गहने और लगभग 95 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए. पीड़ित परिवार के पास अब केवल वही कपड़े बचे हैं जो उन्होंने घटना के समय पहने हुए थे. परिवार ने प्रशासन से न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की है. इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि नेहा नाम की एक लड़की और कुलविंदर सिंह उर्फ अजय/बल्ली पिछले कुछ सालों से दोस्त थे. किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ. इसके बाद लड़की लड़के के घर गई और उसमें आग लगा दी.
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की की शिकायत के आधार पर पहले मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद, लड़के द्वारा लड़की के घर जाकर तोड़फोड़ करने और नुकसान पहुंचाने के आरोप में भी एक क्रॉस केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने लड़की को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है.

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More