पहली बार पाइपलाइन से गैस की सप्लाई...:दो साल में एक लाख घरों तक पहुंचने का टारगेट, रायपुर के साथ ही दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा में भी बिछाई जा रही लाइन
रायपुर42 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

करीब दस साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राजधानी के घरों में पाइपलाइन से एलपीजी की सप्लाई शुरू हो गई है। अभी तक शंकरनगर, कबीरनगर, अवंति विहार और भनपुरी के एक हजार से ज्यादा घरों में एलपीजी की सप्लाई पाइपलाइन से हो रही है।
गैस सिलेंडरों की तुलना में इसका महीने का बिल भी 900 के आसपास आ रहा है। यानी सिलेंडर खरीदने के खर्चे से 20 से 30 प्रतिशत तक की कमी आ रही है। रायपुर, गरियाबंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में हरियाणा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड घरों तक पाइपलाइन बिछाने का काम कर रही है।
शुरुआत में सुरक्षा निधि 9 हजार जमा करना होगा राजधानी में एलपीजी की सप्लाई पाइपलाइन से लेने के लिए लोगों को शुरुआत में 9000 रुपए बतौर सुरक्षा निधि के तौर पर जमा करना होगा। इसके अलावा पहली बार रजिस्ट्रेशन के लिए 590 रुपए का शुल्क लगेगा। इसके बाद हर महीने करीब 900 रुपए का बिल आएगा। लेकिन सिलेंडरों की कीमत या खपत बढ़ने पर बिल कम-ज्यादा होता रहेगा। पाइपलाइन से गैस लेने पर किसी भी तरह की सब्सिडी नहीं मिलती है। जितनी खपत की जाएगी उतना ही बिल आएगा।
तीन महीने में अपार्टमेंट के हजारों घरों में पहुंच जाएंगे कंपनियों का दावा है कि अगले तीन माह में शहर के सभी बड़े अपार्टमेंट में पाइपलाइन से एलपीजी की सप्लाई की जाएगी। अभी कंपनी अपार्टमेंट वाले घरों में ही ज्यादा कनेक्शन दे रही है, क्योंकि यहां पाइपलाइन बिछाना आसान है। कवर एरिया और घरों तक आसान पहुंच होने की वजह से काम तेजी से हो रहा है।
वार्डों के अंदर जाने में अभी समय लगेगा अपार्टमेंट में काम पूरा होते ही शहर के अलग-अलग वार्डों में एलपीजी लाइन बिछाई जाएगी। पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की जाती है। इस वजह से घनी आबादी वाले एरिया में दूसरे चरण में काम शुरू किया जाएगा। कंपनी का दावा है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद उसी दिन ही सड़क या गली पहले की तरह क्लियर कर दी जाए।
भिलाई स्टील प्लांट वालों ने भी दिखाई दिलचस्पी भिलाई स्टील प्लांट ने भी पूरे प्लांट और वहां की कॉलोनियों में पाइपलाइन से ही एलपीजी की सप्लाई कराने में रुचि दिखाई है। इस पूरे मामले को लेकर बीएसपी के अफसरों ने पिछले हफ्ते ही रायपुर जिला प्रशासन के अफसरों के साथ उन इलाकों का दौरा किया है, जहां पाइपलाइन बिछ चुकी है। अब इसका प्लान तैयार हो रहा है।
दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है
राजधानी में अभी तेजी से एलपीजी पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। दो साल में रायपुर में हर घर में एलपीजी की सप्लाई पाइपलाइन से ही करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। - राकेश रंजन सिंह, जीएम एचसीजी
.