इंदौर में महिला बैंककर्मी की संदिग्ध मौत सेसनसनी, कमरे में मिला जला शव

Published on 26 जुल॰ 2026

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के खजराना थाना क्षेत्र में एक महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान पलक, पिता राधेश्याम, के रूप में हुई है. वह निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत थीं और पिछले करीब चार वर्षों से खजराना क्षेत्र के तपेश्वरी बाग स्थित एक किराए के कमरे में अकेले रह रही थीं. घटना की सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि तपेश्वरी बाग स्थित कमरे में एक महिला का शव पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो महिला का शव जली हुई अवस्था में मिला. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया, ताकि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें.

कमरे में मिला शव

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कमरे के किचन में एक छोटा प्लेटफॉर्म मिला, जिस पर कुछ सामान रखा हुआ था. पुलिस ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से मिले सभी सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत आग लगने से हुई, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

जांच अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. महिला की मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय महिला कमरे में अकेली थी या उससे मिलने कोई आया था. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजनों के इंदौर पहुंचने के बाद उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे. साथ ही महिला के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू की सच्चाई सामने आ सके.

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे.

संदीप मिश्रा

संदीप मिश्रा

संदीप मिश्रा विगत 12 सालों से इंदौर में पत्रकारिता कर रहे हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में रहते हुए काफी महत्वपूर्ण खबरों में सक्रिय रहे. इस दौरान मध्य प्रदेश के प्रमुख अखबार और रिजनल चैनल्स के साथ ही लोकल चैनल्स में भी रहे. इसमें प्रमुख तौर पर बंसल न्यूज, स्वराज एक्सप्रेस जैसे चैनल शामिल रहे.

Read More

google button