पाकिस्तानी बाबर आजम और रोहित शर्मा से आगे निकले जिम्बाब्वे के कप्तान, बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
Jul 26, 2026 07:35 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारत बनाम जिम्बाब्वे तीसरे टी-20I मुकाबले में शून्य पर आउट होते ही शर्मनाक रिकॉर्ड बना लिया है। उन्होंने रोहित शर्मा और बाबर आजम को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है।

सिकंदर रजा ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
भारत बनाम जिम्बाब्वे तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में एक बार फिर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा का बल्ला नहीं चला है। आज के मुकाबले में शून्य के स्कोर पर यश ठाकुर ने उन्हें अपना शिकार बनाया। डक पर आउट होने के साथ ही सिकंदर रजा ने एक शर्मनाक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे इस लिस्ट में पाकिस्तान के पू्र्व कप्तान बाबर आजम और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा से भी आगे निकल गए हैं। उनसे ऊपर सिर्फ 1 कप्तान हैं, जो ऑस्ट्रेलिया से ताल्लुक रखते हैं। उनका नाम एरोन फिंच है।
फुल मेंबर टीमों में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा डक में आउट होने के मामले में सिकंदर रजा अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम को पीछे छोड़कर यह अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज किया है। टी-20 अंतररराष्ट्रीय क्रिकेट में फुल मेंबर टीमों की सूची में सबसे ज्यादा बार डक यानी शून्य पर आउट होने वाले कप्तानों की सूची में एरोन फिंच पहले स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान 8 बार शून्य पर इस फॉर्मेट में पवेलियन लौटे हैं। अब सिंकदर रजा दूसरे स्थान पर आ गए हैं। जिम्बाब्वे के मौजूदा कप्तान ने 7 बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड बनाया है। जो बतौर कप्तान टी-20I में दूसरा सर्वाधिक है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम 6 बार अपनी कप्तानी में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शून्य पर आउट हुए हैं, जबिक रोहित शर्मा भी अपनी कप्तानी में क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में 6 बार बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौटे हैं।
T20I कप्तान के तौर पर सबसे ज़्यादा बार ज़ीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ी (FM टीमें)
8 - एरॉन फिंच
7 - सिकंदर रज़ा
6 - बाबर आज़म
6 - रोहित शर्मा
आज के मुकाबले की बात करें तो 26 जुलाई 2026 को हरारे स्पोर्ट्स क्लब हरारे में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी ने आज के मुकाबले में 81 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। मेन इन ब्लू ने निर्धारित 20 ओवरों में 192 रन बनाए और विपक्षी टीम को 193 रनों का लक्ष्य रखा। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम लड़खड़ा गई है। मयंक यादव, यश ठाकुर और रवि बिश्नोई की गेंदबाजी तिकड़ी कमाल का प्रदर्शन कर रही है। अशोक शर्मा भी उनका साथ दे रहे हैं। प्रिंस यादव चोट के कारण मैच का हिस्सा नहीं हैं।
