रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में स्मार्ट मीटर सर्वे : जून के मुकाबले जुलाई में भारी कमी, जानें क्या कहते हैं आंकड़े - Haribhoomi

Published on 28 जुल॰ 2026

रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में स्मार्ट मीटर सर्वे : जून के मुकाबले जुलाई में भारी कमी, जानें क्या कहते हैं आंकड़े

छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर फैली अफवाहों और भ्रम को दूर करने के लिए स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने बड़ा कदम उठाया है।

Smart Meter Survey

स्मार्ट मीटर

  • Published: 28 Jul 2026, 10:32 AM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 10:32 AM IST

रायपुर। स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम की स्थिति तथा अलग-अलग तरीके से फैलाई जा रही अफवाहों के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने राज्य के तीन शहर रायपुर, बिलासपुर तथा दुर्ग में स्मार्ट मीटर का सर्वे कराया है। क्षेत्रीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगे घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली की खपत का तीन माह का तुलनात्मक अध्ययन कराया है। मई, जून और जुलाई 2026 की खपत के विश्लेषण में यह सामने आया कि अधिकतर उपभोक्ताओं की बिजली खपत जुलाई में कम हुई है। 

राजधानी के 3 लाख 11 हजार 374 घरेलू स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के अध्ययन में 1 जून से 26 जून 2026 के दौरान कुल बिजली खपत लगभग 10.85 करोड़ यूनिट दर्ज की गई थी, जबकि 1 जुलाई से 26 जुलाई 2026 के दौरान यह घटकर लगभग 7.77 करोड़ यूनिट रह गई। खपत में 28 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। यदि 400 यूनिट से ज्यादा खपत करने वाले उपभोक्ताओं की बात करें, तो 1 लाख 21 हजार 135 उपभोक्ताओ के बिलों के विश्लेषण से पता चलता है कि उनकी खपत में लगभग 44 प्रतिशत की कमी हुई है।

चार सौ यूनिट से ज्यादा का योजना का लाभ नहीं
उपभोक्ता जो एसी का उपयोग करते हैं, जिससे इनकी खपत 400 यूनिट से अधिक होती है। इन्हें मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान योजना का लाभ नहीं मिल पाता जिसके कारण विद्युत देयक में वृद्धि होती है। परंतु जुलाई की सिस्टम से निकाले गए आंकडों में ऐसे उपभोक्ताओं की खपत में भी उल्लेखनीय कमी हुई है, जिससे जुलाई की खपत जिसका बिल अगस्त में आयेगा, की देय राशि कम होगी एवं अधिक उपभोक्ताओं को मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान योजना का लाभ प्राप्त होगा।

तीन माह का तुलनात्मक अध्ययन
बिजली विभाग के दावों के मुताबिक खपत का आधार स्मार्ट मीटर नहीं, अपितु उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही वास्तविक खपत है। ऐसे उपभोक्ता जिनके घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगे थे, उनकी खपत में भी माह अप्रैल-मई-जून में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज हुई है।

केस 01
अवंती विहार रायपुर- उपभोक्ता क्र. 100060XXXX, संयोजित भार 5 किलोवाट

  1.  अप्रैल- 2025 की खपत 1611 यूनिट, अप्रैल-2026 की खपत 2071 यूनिट
  2.  मई- 2025 की खपत 1503 यूनिट, मई- 2026 की खपत 2592 यूनिट
  3.  जून- 2025 की खपत 895 यूनिट, जून- 2026 की खपत 2487 यूनिट

केस 02
राजीव नगर रायपुर - उपभोक्ता क्र. 100000XXXX, संयोजित भार 10 किलोवाट

  1.  अप्रैल- 2025 की खपत 1019 यूनिट, अप्रैल- 2026 की खपत 1065 यूनिट
  2. मई- 2025 की खपत 885 यूनिट, मई- 2026 की खपत 1383 यूनिट
  3. जून- 2025 की खपत 896 यूनिट, जून- 2026 की खपत 1762 यूनिट

केस 03
कचना रायपुर- उपभोक्ता क्र. 100658XXXX, संयोजित भार 8 किलोवाट

  1. अप्रैल- 2025 की खपत 1332 यूनिट, अप्रैल- 2026 की खपत 1360 यूनिट
  2. मई- 2025 की खपत 1156 यूनिट, मई- 2026 की खपत 1709 यूनिट
  3. जून- 2025 की खपत 759 यूनिट, जून- 2026 की खपत 1579 यूनिट
     

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)