कोल्हापुर: पूर्व महिला सरपंच की प्रेमी ने की हत्या, कार की डिग्गी में रखी लाश, एक गलती ने खाेल दी पोल
-
Written By:
आकाश मसने
Updated On: Jul 28, 2026 | 04:27 PM IST
विज्ञापन
सार
Kolhapur Crime News: कोल्हापुर के शाहूवाड़ी में पूर्व महिला सरपंच सुरेखा न्यारे की उनके प्रेमी ने शादी का दबाव बनाने पर हत्या कर दी। शव को कार की डिग्गी में रखकर 350 किमी दूर ले गया आरोपी पकड़ा गया।

मृतका सुरेखा न्यारे (सोर्स: सोशल मीडिया)
विस्तार
Kolhapur Former Woman Sarpanch Murder: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के शाहूवाड़ी तालुका स्थित शिरगांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शिरगांव की पूर्व महिला सरपंच सुरेखा शिवाजी न्यारे (50) की उनके ही प्रेमी ने बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या का कारण महिला द्वारा बार-बार शादी के लिए दबाव बनाना बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी लाश को अपनी कार की डिग्गी में डाला और करीब 350 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर मुंबई की तरफ निकल गया। हालांकि, भिवंडी पुलिस की सतर्कता और एक रिश्तेदार की समझदारी के कारण आरोपी का खौफनाक मंसूबा नाकाम हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पंढरपुर तीर्थयात्रा के बहाने ले जाकर की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका सुरेखा न्यारे और आरोपी प्रकाश उर्फ बाबू आनंदा पाटिल (40) शिरगांव में एक ही गली में आमने-सामने रहते थे। डेढ़ साल पहले सुरेखा के पति का निधन हो गया था, जिसके बाद दोनों के नजदीकियां बढ़ीं और सुरेखा व प्रकाश के बीच प्रेम संबंध बन गए। सुरेखा लगातार प्रकाश पर शादी का दबाव बना रही थीं, लेकिन प्रकाश इसके लिए तैयार नहीं था। इसी रोज-रोज के दबाव से छुटकारा पाने के लिए प्रकाश ने सुरेखा को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।
रविवार, 26 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे आरोपी ने सुरेखा को पंढरपुर वारी पर चलने का झांसा देकर अपनी कार में बैठाया। लेकिन तीर्थयात्रा ले जाने के बजाय वह उसे गांव के बाहर लिंडोरी स्थित एक गोशाले में ले गया और वहां गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
सम्बंधित ख़बरें
सुरेखा की हत्या के बाद, किसी को शक न हो इसलिए प्रकाश ने सुरेखा की लाश को एक बोरे में भरकर अपनी ही MH 09 GZ 6815 इको कार की डिक्की में छिपा दिया। लाश को हमेशा के लिए ठिकाने लगाने के लिए उसने मुंबई पहुंचकर लाश को समुद्र में फेंकने की योजना बनाकर निकल पड़ा।
भांजे ने बिगाड़ा आरोपी का खेल
आरोपी सोमवार सुबह भिवंडी के काशेली इलाके में पहुंचा। वहां, वह अपने भांजे संदेश मोरे से मिला और हत्या की बात कबूल कर ली और लाश को समुद्र में फेंकने में मदद मांगी। अपने मामा का यह भयानक जुर्म सुनकर भांजा दहल गया। उसने बिना देर किए तुरंत ठाणे जिले के भिवंडी की नारपोली पुलिस को मामले की जानकारी दी। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर विजय कदबाने की देखरेख में पुलिस ने जाल बिछाया और कार की तलाशी ली तो डिक्की में सुरेखा की लाश मिली। पुलिस ने तुरंत प्रकाश पाटिल को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें:- क्या NCP के दोनों गुटों का होगा विलय? शरद पवार के बयान से महाराष्ट्र में गरमाई सियायत
भिवंडी पुलिस ने दर्ज की जीरो FIR
ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस ने इस मामले में जीरो FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच के लिए केस शाहूवाड़ी पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। सुरेखा न्यारे ढाई साल तक गांव की सरपंच थीं, उनकी मौत से शिरगांव समेत पूरे कोल्हापुर जिले में सनसनी फैल गई है। शाहूवाड़ी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
