President ADC Resign : राष्ट्रपति मुर्मू के ADC रहे ऋषभ सिंह ने..

Published on 29 अग॰ 2026

Rishabh Singh Sambyal Retirement: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बतौर एडीसी नजर आने वाले 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज के अधिकारी मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल ने भारतीय सेना से समय से पहले रिटायरमेंट ले लिया है। पद छोड़ने के बाद उन्होंने 21 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं। राष्ट्रपति भवन की डिजिटल फोटो लाइब्रेरी में भी उन्हें पूर्व एडीसी के रूप में दर्ज किया गया। बाद में साझा किए गए पोस्ट और वीडियो में सांब्याल ने इस मुलाकात को राष्ट्रपति से मिले मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए आभार जताने का अवसर बताया।

2021 में मिली पहचान

ऋषभ सिंह सांब्याल पहली बार 2021 में उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने जाट रेजिमेंट की टुकड़ी का गणतंत्र दिवस परेड में नेतृत्व किया था। उनकी टुकड़ी ने बेस्ट मार्चिंग कंटिंजेंट ट्रॉफी भी हासिल की। इसके बाद उन्होंने स्वेच्छा से 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज में शामिल होने की कठिन चयन प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्हें बलिदान बैज मिला, जिसे हासिल करना बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। स्पेशल फोर्सेज में उनकी भूमिका ने उनके सैन्य करियर को एक अलग पहचान दी।

कौन हैं सांब्याल?

जम्मू के डोगरा राजपूत परिवार से आने वाले ऋषभ सिंह का संबंध सैन्य परंपरा वाले परिवार से बताया जाता है। उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी में तीन साल और इंडियन मिलिट्री एकेडमी में एक साल प्रशिक्षण लिया। इसके बाद करीब आठ वर्षों तक कमीशन प्राप्त अधिकारी के तौर पर सेना में सेवा दी। कुल मिलाकर उनका सेना से जुड़ाव करीब 12 वर्षों का रहा। 2024-25 के आसपास उन्हें राष्ट्रपति के एडीसी के रूप में चुना गया था। यह सैन्य अधिकारियों के लिए बेहद प्रतिष्ठित जिम्मेदारियों में शामिल है।

सोशल मीडिया पर छाए

राष्ट्रपति के एडीसी के रूप में सांब्याल की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। बारिश के दौरान राष्ट्रपति के ऊपर छाता पकड़े हुए, भावुक क्षणों में रुमाल देते हुए या कार्यक्रमों में राष्ट्रपति की मदद करते हुए उनके वीडियो लोगों को काफी पसंद आए। उनकी सादगी, अनुशासन और शांत व्यवहार की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई। कई यूजर्स ने उन्हें ‘नेशनल क्रश’ तक कह दिया। हालांकि उन्होंने अपनी निजी सोशल मीडिया मौजूदगी काफी सीमित रखी, लेकिन उनके नाम से कई फैन पेज जरूर बन गए।

समय से पहले क्यों छोड़ी सेना?

सेना से समय से पहले रिटायरमेंट लेने के बाद सामने आए वीडियो में सांब्याल ने अपने फैसले पर बात की। उन्होंने बताया कि वर्दी पहनना बचपन का सपना था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इसे समय से पहले उतारना पड़ेगा। उनके मुताबिक जिंदगी में कुछ ऐसे हालात और मोड़ आते हैं, जो इंसान की दिशा बदल देते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिटायरमेंट का फैसला निजी और पारिवारिक कारणों से लिया गया है और इस निर्णय में उनके परिवार का पूरा समर्थन है। उन्होंने अपने अब तक के सफर पर संतोष भी जताया।

आगे क्या करेंगे?

ऋषभ सिंह सांब्याल ने संकेत दिया है कि सेना छोड़ने के बाद भी देश के लिए योगदान देने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने फिलहाल शादी की कोई तत्काल योजना होने से इनकार किया है। उनके अगले कदम को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। खास तौर पर स्पेशल फोर्सेज की ऑपरेशनल भूमिका में वापसी की संभावना पर चर्चा हुई, लेकिन उन्होंने फिलहाल सेना की नौकरी पूरी तरह छोड़ने का फैसला किया है। उनके एडीसी कार्यकाल के खत्म होने के साथ राष्ट्रपति भवन से जुड़ा उनका एक चर्चित अध्याय भी समाप्त हो गया है।

Kirtika Tyagi

Kirtika Tyagi is a journalist. she is working on sub-editor post and she is expert in International, National, Health, Crime, Lifestyle, Astro beat.