पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी PTI के 27 सितंबर के लॉन्ग मार्च को लेकर हलचल तेज है. मार्च से पहले इस्लामाबाद को किले में तब्दील करने जैसी सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं. राजधानी में धारा 144 लागू कर दी गई है और जुलूस, रैली और सार्वजनिक जगहों पर लोगों के जुटने पर रोक है. यह आदेश दो महीने के लिए लागू किया गया है.
PTI ने 27 सितंबर से इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर लॉन्ग मार्च का ऐलान किया है. इसके मद्देनजर इस्लामाबाद, रावलपिंडी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है. इस्लामाबाद पुलिस ने पंजाब से 16 हजार और सिंध से 2 हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की मांग की है. साथ ही 2 हजार से ज्यादा कंटेनर इस्लामाबाद और अटक में अहम जगहों पर पहुंचाए गए हैं, जिससे किलेबंदी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से फिर दहला अफगानिस्तान, 10 ठिकानों को बनाया निशाना
सम्बंधित ख़बरें
2 हजार कंटेनर से रास्तों पर बनाई जा रही दीवार
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कंटेनरों को अहम सड़कों, एंट्री प्वाइंट और संवेदनशील इलाकों में लगाया जा रहा है. इससे राजधानी में आने-जाने वाले रास्तों को जरूरत पड़ने पर बंद किया जा सकेगा. पहले भी रेड जोन, हाई सिक्योरिटी जोन और इस्लामाबाद के प्रमुख एंट्री-एग्जिट प्वाइंट को सील करने के लिए बड़ी संख्या में कंटेनरों की तैयारी की गई थी.
इस्लामाबाद में धारा 144, जुटने पर रोक
इस्लामाबाद प्रशासन ने 18 सितंबर को जारी आदेश के जरिए दो महीने के लिए धारा 144 लागू की है. इसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के सार्वजनिक जगहों पर जुटने, जुलूस, रैली और प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है. प्रशासन ने कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
मोबाइल-इंटरनेट पर भी लग सकती है पाबंदी
PTI मार्च से पहले रावलपिंडी और अटक में मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं पर भी रोक या स्पीड कम करने की तैयारी है. पंजाब के गृह विभाग ने संघीय गृह मंत्रालय से चुनिंदा इलाकों में 2G, 3G और 4G सेवाओं को डाउनग्रेड या जाम करने की मांग की है. इसमें रावलपिंडी के ब्रह्मा, बहतर, टैक्सिला सिटी, वाह सदर, थलियां और चकरी जैसे इलाके शामिल हैं. अटक जिले में भी सेवाओं को डाउनग्रेड करने की मांग की गई है.
यह भी पढ़ें: तोप के पाकिस्तानी गोले निकले फुस्स, यूक्रेनी कमांडर की शिकायत
میں نے جیل میں بند کسی شخص کو اتنا طاقتور نہیں دیکھا کہ جیل سے بیٹھ کر پورے نظام کو ہلا دیتا ہو!
— Aleema khan (@ikhan_17) September 23, 2026
بڑے لیڈر بیمار بن کر ڈیل کر گئے، یہ ساری عمر جیل کو تیار ہے پر جھکنے کو نہیں!🔥 pic.twitter.com/5TEy4uPhT7
रेंजर्स की भी मांगी गई तैनाती
पंजाब सरकार ने रावलपिंडी, अटक, झेलम और मियांवाली में रेंजर्स की तैनाती की मांग भी की है. यह तैनाती 22 सितंबर से 5 अक्टूबर तक के लिए मांगी गई है. PTI के मार्च और दूसरे प्रदर्शनों को देखते हुए पंजाब और इस्लामाबाद प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं.
PTI का 27 सितंबर का लॉन्ग मार्च कई दिनों तक चलने की बात कही गई है. रिपोर्टों के मुताबिक पार्टी ने इस मार्च के लिए कई प्लान तैयार किए हैं और इस्लामाबाद में दाखिल होने के लिए अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल करने की तैयारी है. ऐसे में मार्च से पहले राजधानी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा इंतजाम और सख्त किए जा रहे हैं.
---- समाप्त ----