Railway News: पुष्पक एक्सप्रेस की खिड़की से लटका मिला युवक का शव, बीना जंक्शन पर रोकी गई ट्रेन - Haribhoomi

Published on 31 जुल॰ 2026

बीना जंक्शन पर पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच की शौचालय की खिड़की से 30 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी गोरावर सिंह के रूप में हुई है। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

Pushpak Express

पुष्पक एक्सप्रेस की खिड़की से लटका मिला युवक का शव

  • Published: 31 Jul 2026, 02:55 PM IST
  • Last Updated: 31 Jul 2026, 02:55 PM IST

मध्य प्रदेश: बीना जंक्शन पर गुरुवार देर रात पुष्पक एक्सप्रेस में एक 30 वर्षीय युवक का शव ट्रेन के जनरल कोच के शौचालय की खिड़की से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ट्रेन को बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोका गया। इसके बाद सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पदनिया स्थित कलीन चौक निवासी 30 वर्षीय गोरावर सिंह, पिता कुंजीलाल के रूप में हुई है। उसकी पहचान तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई।

शौचालय की खिड़की से लटका हुआ था युवक
जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 12534 पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन का अगला निर्धारित ठहराव ललितपुर था। इसी बीच आधी रात के करीब ट्रेन के गार्ड ने जनरल कोच के शौचालय की खिड़की से एक युवक को लटका हुआ देखा। इसके तुरंत बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
अलर्ट मिलने के बाद ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रोका गया। स्टेशन पर मौजूद जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के कारण कुछ देर तक स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

शौचालय की खिड़की तक कैसे पहुंचा? 

प्रारंभिक पूछताछ में कुछ यात्रियों ने पुलिस को बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ही ट्रेन के दरवाजे के पास बैठकर यात्रा कर रहा था। हालांकि वह ट्रेन के शौचालय की खिड़की तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलासा
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा था, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से चलती ट्रेन में दरवाजे पर बैठकर यात्रा न करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की है।