Rajasthan Assembly Live: विधानसभा में गतिरोध दूर करने स्पीकर ने ली बैठक; जूली सदन में रखेंगे अपनी बात

Published on 21 अग॰ 2026

12:11 PM, 21-Aug-2026

युवाओं की मांग रिक्त पदों पर आरपीएससी परीक्षा कराए

राजस्थान विधानसभा के बाहर युवा पहुंचे। उन्होंने मांग रखी कि रिक्त पदों पर आरपीएससी  परीक्षा कराए और पदों को भरे। युवाओं का कहना है कि नियुक्ति को आगे टाल दिया जा रहा है। विधायक इस मुद्दे को सदन में उठाएं।

12:05 PM, 21-Aug-2026

स्पीकर देवनानी के चेम्बर में बैठक हुई

राजस्थान विधानसभा में गतिरोध टालने के प्रयास किए गए। स्पीकर देवनानी के चेम्बर में बैठक हुई। इसमें  नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुद्दे उठाए। स्पीकर से बातचीत के बाद सहमती बनी। अब जूली सदन में अपनी बात रखेंगे।

विज्ञापन

11:24 AM, 21-Aug-2026

राजस्थान विधानसभा में हंगामा, सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

राजस्थान विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने विधानसभा में प्रवेश से रोके जाने का मुद्दा उठाया। इसके बाद कांग्रेस विधायक विरोध करते हुए वेल में पहुंच गए और नारेबाजी की। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कई बार विधायकों से सीटों पर लौटने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

11:03 AM, 21-Aug-2026

कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन, विधानसभा में ‘पाप का घड़ा’ लेकर पहुंचे विधायक

राजस्थान विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों ने सरकार के खिलाफ अनूठे अंदाज में प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक एक-एक कर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दे उठाते हुए पर्चियां ‘पाप के घड़े’ में डालते रहे। इसके बाद विधायकों ने घड़े को यह कहते हुए फोड़ दिया कि बीजेपी सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है और अब फूट गया है।

10:53 AM, 21-Aug-2026

आज प्रश्नकाल में द्रव्यवती एलिवेटेड रोड का मुद्दा गूंजेगा

राजस्थान विधानसभा में आज द्रव्यवती नदी पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का मुद्दा उठेगा। पूर्व यूडीएच मंत्री और कोटा उत्तर विधायक शांति धारीवाल ने प्रश्नकाल में सरकार से इस परियोजना को लेकर जवाब मांगा है। उन्होंने परियोजना की घोषणा और डीपीआर तैयार करने के लिए जारी कार्यादेश से जुड़ी जानकारी मांगी है। धारीवाल ने पूछा है कि क्या सरकार ने जयपुर में द्रव्यवती नदी पर 36 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने की घोषणा की थी। यदि हां, तो क्या डीपीआर तैयार करने के लिए कार्यादेश जारी कर दिया गया है।

पूर्व यूडीएच मंत्री ने कार्यादेश की प्रति सहित परियोजना से जुड़ा पूरा विवरण विधानसभा पटल पर रखने की मांग की है। उन्होंने यह भी पूछा है कि प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को लेकर सरकार की मौजूदा स्थिति क्या है और अब तक इस दिशा में क्या कार्रवाई की गई है।

09:45 AM, 21-Aug-2026

पंचायती राज की 2 अधिसूचनाएं

पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर राजस्थान पंचायती राज नियम, 1996 में संशोधन से संबंधित दो अधिसूचनाएं सदन की मेज पर रखेंगे। नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा कम से कम नौ अधिसूचनाएं रखेंगे। इनमें डीडवाना और शाहपुरा मास्टर प्लान की अवधि बढ़ाने तथा सीकर, भरतपुर और जैसलमेर से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।

विज्ञापन

विज्ञापन

09:17 AM, 21-Aug-2026

पुराने वाहन पर टैक्स में राहत!

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की छह अधिसूचनाएं रखेंगे। इनमें पुराने वाहन के बदले नया वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर में छूट का प्रावधान शामिल है। गजेंद्र सिंह आबकारी विभाग की पांच अधिसूचनाएं सदन में रखेंगे। इनमें देशी मदिरा, बीयर और अन्य मदिरा पर आबकारी शुल्क, बॉटलिंग फीस और होटल-बार एवं क्लब-बार लाइसेंस फीस से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।

08:38 AM, 21-Aug-2026

CNG-PNG और मदिरा की दरों से जुड़े प्रावधान, दिया कुमारी रखेंगी 5 अधिसूचनाएं

RVAT से संबंधित अधिसूचनाओं में CNG, PNG और मदिरा की दरों में बदलाव, कर पंजीकरण, ब्याज दर और विभिन्न क्षेत्रों के लिए कर भुगतान से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी वित्त (वित्तीय नियम) विभाग की पांच अधिसूचनाएं सदन की मेज पर रखेंगी। इनमें सरकारी खरीद और मेक इन इंडिया उत्पादों को प्राथमिकता से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।

08:17 AM, 21-Aug-2026

सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल जारी

राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध आज भी जारी रहेगा। कांग्रेस विधायक विधानसभा के बाहर विरोध मार्च निकालेंगे। शुक्रवार को सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक सदन के अंदर नहीं गए और बाहर ही प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान पुलिस और मार्शल प्रतिनिधियों के साथ उनकी झड़प भी हुई। कांग्रेस आज सरकार और पुलिस के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की तैयारी में है।

08:03 AM, 21-Aug-2026

Rajasthan Assembly Live: विधानसभा में गतिरोध दूर करने स्पीकर ने ली बैठक; जूली सदन में रखेंगे अपनी बात

राजस्थान विधानसभा में आज विभिन्न विभागों से जुड़ी बड़ी संख्या में अधिसूचनाएं सदन की मेज पर रखी जाएंगी। इनमें RVAT, वाहन टैक्स, आबकारी, ऊर्जा, भूमि और नगरीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। वित्त एवं कर विभाग से संबंधित 32 अधिसूचनाएं आज सदन में रखी जाएंगी। इनमें राजस्थान वैल्यू एडेड टैक्स (RVAT) एक्ट, 2025 और RVAT नियम, 2026 से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।