माहिरा शर्मा के Rana Ji 2.0 पर ममता कुलकर्णी का रिएक्शन, बोलीं- ओरिजिनल की बात ही अलग है

Published on 30 जुल॰ 2026

Mamta Kulkarni on Rana Ji 2.0: टीवी एक्ट्रेस माहिरा शर्मा इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई हैं और इसकी वजह है उनका गाना. हाल ही में माहिरा शर्मा का नया म्यूजिक वीडियो ‘राणाजी 2.0’ रिलीज हुआ, जो लगातार सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है. ये गाना 90 के दशक के सुपरहिट ट्रैक ‘राणाजी माफ करना’ का नया वर्जन है. ऐसे में लोगों के मन में ये सवाल भी था कि आखिर इस गाने की ओरिजिनल स्टार ममता कुलकर्णी का इस रीमेक पर क्या कहना है. अब खुद ममता ने इस पर अपना रिएक्शन दिया है.

साल 1995 में आई सलमान खान, शाहरुख खान और काजल की फिल्म ‘करण अर्जुन’ का गाना ‘राणाजी माफ करना’ जबरदस्त हिट रहा था. इस गाने में ममता कुलकर्णी की अदाएं और उनका डांस आज भी लोगों के बीच काफी पॉपुलर है. अब उसी गाने को नए अंदाज में ‘राणाजी 2.0’ के नाम से रिलीज किया गया है, जिसमें माहिरा शर्मा नजर आ रही हैं.

ममता कुलकर्णी का रिएक्शन

माहिरा शर्मा का गाना ‘राणा जी 2.0’ सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है और इसे मिले-जुले रिएक्शंस मिल रहे हैं. जबकि ज्यादातर लोग इसे ट्रोल करते हुए नजर आए कि फिर से एक और कल्ट गाना बिगाड़ दिया गया. अब इस रीमेक पर बात करते हुए ममता कुलकर्णी ने कहा, “उन्होंने अच्छा काम किया है. बात ये है कि आप एक ऐसा गाना देख रहे हैं जो घाघरा-चोली और भारतीय डांस मूव्स के साथ था, जिसे अब वेस्टर्न फॉर्मेट और वेस्टर्न आउटफिट में बनाया गया है. इसलिए ये अलग दिखता है. लेकिन पुराना गाना लोगों के जहन में बसा हुआ है, इसलिए वो तुरंत याद आ जाता है.”

ऐसे शूट हुआ था गाना

उस ओरिजिनल गाने की शूटिंग को याद करते हुए ममता कुलकर्णी ने कहा, “‘राणाजी’ गाने के कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश मास्टरजी थे. रिहर्सल दो-तीन दिन के लिए तय थी. लेकिन मैंने पहले ही दिन स्टेप्स सही कर लिए थे. जब मैं सेट पर पहुंची, तो स्टेप्स बदल दिए गए थे. मैंने उनसे पूछा कि उन्होंने स्टेप्स क्यों बदले. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि रिहर्सल का क्या मतलब था, लेकिन चिन्नी प्रकाश मास्टरजी बहुत अच्छे थे और हमने समय पर गाना पूरा कर लिया.”

“उस वक्त में नासमझ थी”

बॉलीवुड में अपने सफर के बारे में बात करते हुए ममता कुलकर्णी कहती हैं, “मुझे एक्टिंग के ऑफर मिल रहे हैं. अगर मुझे कोई ऐसी स्क्रिप्ट मिलती है जिसे लेकर मैं सच में एक्साइटेड हूं, तो मैं उसे करने के लिए तैयार हूं. बेशक, आज मैं ‘मुझको राणाजी माफ़ करना’ जैसा गाना उसके बोलों के साथ नहीं कर पाऊंगी. अब मैं आध्यात्मिक रूप से जागरूक और जागृत हो गई हूं. इसलिए, कुछ गाने मेरे लिए सही नहीं हैं. मुझे डांसिंग से ज्यादा गानों के बोलों का ध्यान रखना पड़ता है. पहले मैं कभी बोलों के बारे में नहीं सोचती थी, क्योंकि मेरा ज्यादा ध्यान डांसिंग स्टेप्स को बेहतर बनाने पर होता था. उस समय मैं यंग और नासमझ थी.”

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button