श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाक बॉर्डर पर ड्रोन से हथियार गिराए जाने के मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को सौंपी गई है। इस मामले में पंजाब के दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान
.
8 किलो ब्लैक RDX को डिस्मेंटल किया जयपुर से पहुंची सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने CID ASP दीक्षा कामरा की देखरेख में विस्फोटक से भरे पैकेट की जांच की। जांच में सामने आया कि इसमें ब्लैक RDX था। जांच के बाद टीम ने RDX को डिस्मेंटल कर दिया। डिस्मेंटल किए गए विस्फोटक के सैंपल लिए जा रहे हैं। इनकी जांच के बाद शेष विस्फोटक को नष्ट किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से घटनास्थल के 100 मीटर के दायरे में लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है।

जांच में सामने आया कि बरामद पैकेट में ब्लैक RDX था।
बता दें कि रावला थाना क्षेत्र के चक 5 केकेएमएन में खानुवाली पोस्ट से महज 1 किलोमीटर दूर सोमवार रात पाकिस्तानी ड्रोन से तीन पैकेट गिराए गए। इन पैकेटों से 7.750 किलोग्राम ब्लैक RDX, दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और 867 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा पांच बैटरियां, एक रिमोट और दो कप्लर भी मिले। इनमें से 35 कारतूस खाली थे। बरामद RDX एक्टिव मोड में था। अगर इसे रिमोट और कप्लर से कनेक्ट कर दिया जाता, तो ब्लास्ट हो सकता था।
मौके से गिरफ्तार दोनों युवकों की पहचान सुखविंद्र सिंह (19) पुत्र सतपाल सिंह निवासी जलालाबाद और लखविंद्र सिंह (19) पुत्र जीत सिंह निवासी फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है। गिरफ्तार युवक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे।
आरोपी बोले- पाकिस्तान में उमर चाचा से बात कर मंगवाया माल
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने बताया कि रामसिंह उर्फ मन्नी रायसिख निवासी अलीके, फिरोजपुर (पंजाब) उन्हें कई दिनों से बॉर्डर पार से माल लाने के लिए कह रहा था। रामसिंह ने पाकिस्तान में रहने वाले उमर चाचा से उनकी बात करवाकर यह माल मंगवाया था। पाकिस्तानी ड्रोन से माल गिराया गया था। वे रामसिंह के कहने पर ही खेतों में माल लेने आए थे।

सुखविंदर सिंह (लाल टी-शर्ट) पंजाब में हुए ग्रेनेड धमाके में शामिल था।
पंजाब के ग्रेनेड हमले में भी शामिल था आरोपी
इस मामले में गिरफ्तार सुखविंदर सिंह 13 सितंबर को पंजाब के जलालाबाद थाने पर हुए ग्रेनेड हमले में भी शामिल था। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी सुखविंदर सिंह जलालाबाद थाने पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल था। हमले के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
इस मामले में पंजाब पुलिस ने विक्की उर्फ गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में विक्की ने बताया कि ग्रेनेड हमले से दो-तीन दिन पहले सुखविंदर सिंह और विक्की बाइक से फिरोजपुर जिले के मक्खू शहर गए थे। वहां पाकिस्तान से ग्रेनेड भिजवाया गया था। इसकी जानकारी उन्हें एक पाकिस्तानी व्यक्ति ने दी थी। उसके कहने पर दोनों वहां पहुंचे और सुनसान जगह पर रखा ग्रेनेड का छोटा थैला उठा लिया। इसके बाद हमले को अंजाम दिया गया था।
मजदूरी करने के बहाने की रेकी
रावला से हथियारों की खेप उठाने के लिए आरोपी पहले से ही रेकी कर रहे थे। दोनों घटना से दो-तीन दिन पहले रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर आए थे। वे मजदूरी करने के बहाने श्रीविजयनगर क्षेत्र के खेतों में नरमा चुगने का काम कर रहे थे।
दोनों बीच-बीच में बाइक से रावला के गांव 12 KND पहुंचते और सीमावर्ती क्षेत्र की रेकी करते थे। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उन्होंने किन स्थानों की जानकारी जुटाई, उन्हें किसने निर्देश दिए और ड्रोन से गिराई गई खेप उठाने की जिम्मेदारी किसने सौंपी थी।
इस मामले में अब NIA, ATS, ANTF, BSF, CID और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं। मुख्य हैंडलर की पहचान, खेप भेजने के उद्देश्य और आरोपियों के कथित नेटवर्क की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान- बम धमाके की साजिश, पाकिस्तान ने विस्फोटक-हथियार गिराए:7.75 किलो RDX था; पंजाब के दो युवक गिरफ्तार, इंस्टाग्राम पर हैंडलर के संपर्क में थे

पाकिस्तान बॉर्डर से सटे श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री पकड़ी है। इनमें 7.750 किलोग्राम विस्फोटक (RDX), दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 867 कारतूस हैं। 5 बैटरी और दो रिमोट भी हैं। ये हथियार सोमवार रात पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराए गए। (पढ़ें पूरी खबर)