Published: Friday, July 17, 2026, 16:19 [IST]
Aryaman Singh Solanki Success Story: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 16 जुलाई को NEET UG 2026 के नतीजे घोषित कर दिए। इस बार के रिजल्ट में मध्य प्रदेश के जबलपुर के आर्यमन सिंह सोलंकी (Aryaman Singh Solanki) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आर्यमन ने 99.99 पर्सेंटाइल स्कोर किया है। उन्हें ऑल इंडिया रैंक 46 (AIR 46) मिली है। अपनी सफलता के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि री-नीट उनके लिए एक बड़ा मौका बनकर आई। हालांकि, परीक्षा रद्द होने के बाद वो निराश जरूर हुए थे।
आर्यमन का कहना है कि परीक्षा रद्द होने के बाद उन्होंने हार नहीं मानी। दुबारा मिले समय का उन्होंने सही इस्तेमाल कर अपनी तैयारी को और मजबूत बनाया। यही मेहनत उन्हें देश के टॉप 50 स्टूडेंट्स में ले आई। आर्यमन ने बताया कि 3 मई को हुई पहली परीक्षा अच्छी गई थी, इसलिए री-नीट की घोषणा उनके लिए निराशाजनक थी।
हालांकि, बाद में उन्होंने इसे सभी 22 लाख स्टूडेंट्स के लिए सही फैसला मानते हुए दोबारा तैयारी शुरू कर दी। री-नीट की तैयारी के दौरान उन्होंने कोई नया चैप्टर नहीं पढ़ा बल्कि पुराने चैप्टर्स को ही रिवाइज किया। फिजिक्स और केमिस्ट्री में सवाल हल किए, बायोलॉजी के लिए सिर्फ NCERT पढ़ी और रोज फुल सिलेबस मॉक टेस्ट दिए।
ये भी पढ़ें: Ayush Bhalotia: बिहार के लाल आयुष भलोटिया ने NEET में रचा इतिहास, AIR 4 लाकर पूरा किया बचपन का सपना
यूरोलॉजी में है आर्यमन का इंटरेस्ट
आर्यमन ने बताया कि फिलहाल उनकी रुचि यूरोलॉजी में है, लेकिन मेडिकल की पढ़ाई के दौरान वह अपनी पसंद में बदलाव के लिए भी तैयार रहना चाहते हैं। उनके माता-पिता डॉ. फणींद्र सोलंकी और डॉ. अनुपमा सोलंकी ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि वह एक अच्छा डॉक्टर और बेहतर इंसान बने।
21 जून को हुआ था री-नीट
बता दें, 3 मई 2026 को हुई नीट यूजी की परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को री-नीट का पेपर हुआ था। इस परीक्षा में लगभग 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। री-नीट 21 जून को 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,440 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परिणाम 16 जुलाई की रात जारी किए गए। इस साल पंजाब के आर्यन गुप्ता ने AIR 1 हासिल की, जबकि 715 अंक आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से प्राप्त किए। पांशुल को AIR 2 मिला है। वहीं, सफल उम्मीदवारों में 58% से अधिक छात्राएं शामिल रहीं।
ये भी पढ़ें: सेम मार्क्स फिर आर्यन गुप्ता-पांशुल बंसल के रैंक में क्यों अंतर? NTA ने NEET रिजल्ट में लगाया कौन सा फार्मूला?