रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' के पहले 4 कंटेस्टेंट्स के नाम सामने आ गए हैं। इस बार वीरेंद्र सहवाग शो को होस्ट करने वाले हैं। स्वरा भास्कर से शहजाद पूनावाला तक जानिए कौन हैं वो पहले चार कंटेस्टेंट्स।
'राइज एंड फॉल सीजन 2' के पहले 4 कंटेस्टेंट के नाम फाइनल
- Published: 17 Sep 2026, 01:23 PM IST
- Last Updated: 17 Sep 2026, 01:23 PM IST
Rise and Fall 2 contestants: रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' अपने दूसरे सीजन के साथ लौट रहा है। इससे जुड़ी फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मेकर्स ने शो के पहले चार कंटेस्टेंट्स के नाम सामने ला दिए हैं। इस बार शो की कमान क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग संभालते नजर आएंगे, जिसके चलते नए सीजन को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
इन चार चेहरों की हुई एंट्री
शो के नए प्रोमो में पहले चार कंटेस्टेंट्स से पर्दा उठाया गया है। इनमें टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी, अभिनेत्री स्वरा भास्कर, राजनीतिक विश्लेषक शहजाद पूनावाला और अभिनेता करण पटेल शामिल हैं।
प्रोमो में चारों अपने-अपने अंदाज में एक-दूसरे पर तंज कसते और गेम में अपनी रणनीति का संकेत देते दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ है कि आने वाले एपिसोड्स में मुकाबला सिर्फ टास्क तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि कंटेस्टेंट्स के बीच रणनीति और आपसी तालमेल भी काफी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रियंका चाहर चौधरी टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें खास तौर पर बिग बॉस में उनकी मौजूदगी के लिए भी काफी लोकप्रियता मिली। शो में उनकी रणनीति कैसी होगी और वह रूलर्स और वर्कर्स के बीच बदलते समीकरणों में खुद को किस तरह स्थापित करेंगी, यह देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प होगा।
क्या है राइज एंड फॉल का फॉर्मेट?
राइज एंड फॉल का गेम दो बिल्कुल अलग दुनिया में बंटा हुआ है। एक तरफ शो के रूलर्स होते हैं, जिन्हें पेंटहाउस की सुविधाएं मिलती हैं, वहीं दूसरी ओर वर्कर्स को बेसमेंट में सीमित परिस्थितियों के बीच गेम आगे बढ़ाना होता है।
इस फॉर्मेट में कंटेस्टेंट्स के फैसले, गठबंधन और रणनीतियां लगातार गेम की दिशा बदल सकती हैं। यही वजह है कि शो में सिर्फ व्यक्तिगत प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि सही समय पर सही फैसला लेना भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
15 सेलिब्रिटीज के बीच होगा मुकाबला
दूसरे सीजन में कुल 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स हिस्सा लेने वाले हैं। फिलहाल चार नाम सामने आए हैं, जबकि बाकी प्रतिभागियों के नाम आने वाले समय में सामने आने की उम्मीद है।
पिछले सीजन में टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने शो की ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब नए सीजन में कौन कंटेस्टेंट दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाता है, यह देखने वाली बात होगी।
कब और कहां देख सकेंगे शो?
राइज एंड फॉल सीजन 2 का स्ट्रीमिंग प्रीमियर 26 सितंबर से होगा। शो के नए एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाएंगे। दर्शक इसे Prime Video और MX Player पर देख सकेंगे।