Riya Talukdar Murder: 8 दिन पहले पत्नी का सिर काटा-फ्रिज में रखा, अब पुलिस कस्टडी से भाग हत्यारे पति ने दी जान

Published on 14 सित॰ 2026

Time Published: Monday, September 14, 2026, 16:11 [IST]

Guwahati Riya Talukdar Murder: असम के गुवाहाटी में पत्नी रिया तालुकदार की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति रामानुज गोस्वामी की पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार, 14 सितंबर की तड़के करीब 3 बजे गोस्वामी को ब्लड टेस्ट के लिए हटीगांव से गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) ले जाया जा रहा था। इसी दौरान काहिलिपारा इलाके में उसने कथित तौर पर पुलिस की पकड़ से निकलकर नरकासुर पहाड़ियों से छलांग लगा दी।

पुलिस के अनुसार, गोस्वामी को गोली नहीं मारी गई थी। पहाड़ी से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। बाद में उसका शव बरामद कर GMCH के मुर्दाघर भेज दिया गया। यह वही मामला है, जिसमें पुलिस ने आरोपी पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शव के साथ भयावह तरीके से काटने के आरोप लगाए थे।

guwahati-riya-talukdar-murder

8 दिन पहले फ्लैट में मिली थी रिया की लाश

रिया तालुकदार का शव 6 सितंबर को गुवाहाटी के बशिष्ठपुर इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट के तीसरी मंजिल के फ्लैट से बरामद हुआ था। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया था कि रिया और उनके पति से करीब दो दिनों से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसी बीच फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

हटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा खुलवाकर अंदर दाखिल हुई। यहां रिया का शव मिला। पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, हत्या शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले हुई थी।

सिर धड़ से अलग करने का आरोप

पुलिस जांच में इस मामले की भयावहता सामने आने का दावा किया गया। पुलिस के मुताबिक, रिया का सिर धड़ से अलग किया गया था। आरोप है कि उनका कटा हुआ सिर काले रंग की पॉलीथीन में लपेटकर फ्रिज में रखा गया था। इसके अलावा रिया की उंगलियां भी कटी हुई मिली थीं। पुलिस ने घटनास्थल से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है। हालांकि, इस हथियार का इस्तेमाल हत्या में हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि फोरेंसिक जांच के बाद ही होगी। फ्लैट से शराब की कुछ बोतलें मिलने की बात भी सामने आई है। बरामद सभी सामान को जांच के लिए फोरेंसिक टीम के पास भेजा जाना है।

आखिर क्यों की गई हत्या?

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। हत्या से पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। जांच एजेंसियों को शक है कि रिया के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने के संदेह को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के दौरान गोस्वामी ने रिया की हत्या कर दी। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर जांच तथा फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पड़ोसियों ने क्या बताया?

अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि शनिवार को फ्लैट से काफी तेज आवाजें आ रही थीं। इसके बाद एक महिला के रोने जैसी आवाज भी सुनाई दी थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उस समय ज्यादातर गोस्वामी की ही आवाज सुनाई दे रही थी और वह कथित तौर पर परेशान व डरा हुआ लग रहा था।

छह महीने पहले हुई थी शादी

रिया और रामानुज गोस्वामी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। दोनों गुवाहाटी के बशिष्ठपुर इलाके में स्थित फ्लैट में साथ रह रहे थे। गोस्वामी पेशे से उबर ड्राइवर था और मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला था। बताया गया है कि जिस अपार्टमेंट में दोनों रह रहे थे, वह गोस्वामी के पिता की जमीन से जुड़े समझौते के बाद बना था। जमीन बिल्डर को दिए जाने के बाद समझौते के तहत उनके पिता को एक घर मिला था।

Who Was Riya Talukdar: कौन थीं रिया तालुकदार?

रिया तालुकदार गुवाहाटी के नूनमती इलाके की रहने वाली थीं। वह फैंसी बाजार के एसी मार्केट क्षेत्र में स्थित एक बुटीक में काम करती थीं। बताया गया है कि रिया के माता-पिता का निधन हो चुका था। परिवार में उनके एक भाई के होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस कस्टडी से कैसे भागा आरोपी?

पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद गोस्वामी पुलिस कस्टडी में था। सोमवार तड़के पुलिस उसे ब्लड टेस्ट के लिए GMCH ले जा रही थी। पुलिस के अनुसार, काहिलिपारा से गुजरते समय उसने अचानक कस्टडी से भागने की कोशिश की और नरकासुर पहाड़ियों से छलांग लगा दी। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसकी मौत गोली लगने से नहीं बल्कि पहाड़ी से गिरने के कारण आई चोटों से हुई।