Updated On: Aug 07, 2026 | 06:40 PM IST
विज्ञापन
सार
RPF Action In Nanded Division: नांदेड़ मंडल में आरपीएफ ने विशेष अभियानों के तहत नागावली एक्सप्रेस से 5.37 लाख का गांजा जब्त किया। वहीं स्टेशन से संदिग्ध चोर को दबोचा।

प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
विस्तार
Operation Narcos In Nanded Railway Division: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) नांदेड़ मंडल ने यात्री सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और यात्रियों की सहायता के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग अभियानों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 3 और 5 अगस्त को चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान मादक पदार्थ जब्त किए गए, एक संदिग्ध अपराधी को गिरफ्तार किया गया तथा एक यात्री का खोया हुआ सामान सुरक्षित लौटाया गया।
ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई
ऑपरेशन नारकोस के अंतर्गत आरपीएफ की अपराध गुप्तचर शाखा (सीआईबी-डी एंड आई), नांदेड़ तथा शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) नांदेड़ की संयुक्त टीम ने नागावली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20809) में मुदखेड़ और हजूर साहिब नांदेड़ रेलवे स्टेशनों के बीच विशेष जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 10.736 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5.37 लाख रुपये बताई गई है। स्वतंत्र गवाहों, राजपत्रित अधिकारी, विधिक माप विज्ञान विभाग तथा न्यायिक विज्ञान दल की उपस्थिति में मादक पदार्थ जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।
सम्बंधित ख़बरें
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में संदिग्ध अपराधी गिरफ्तार
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आरपीएफ सीआईबी-डी एंड आई, नांदेड़ तथा स्थानीय अपराध शाखा एवं जीआरपी छत्रपति संभाजीनगर की संयुक्त टीम ने छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत निगरानी अभियान चलाया।
इस दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 पर यात्रियों का सामान चोरी करने की नीयत से घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया। बाद में उसे कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
ऑपरेशन अमानत के तहत लौटाया यात्री का सामान
आरपीएफ ने ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत रेल मदद पर प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगरसूल आरपीएफ चौकी की टीम ने गाड़ी संख्या 12787 एक्सप्रेस में छूटा एक कॉलेज बैग बरामद किया।
बैग में नकदी, कपड़े, ईयरबड्स, मोबाइल चार्जर, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र तथा अन्य निजी सामान सहित लगभग 7,500 रुपये मूल्य की वस्तुएं थीं। आवश्यक सत्यापन के बाद पूरा सामान उसके वास्तविक स्वामी को सुरक्षित लौटा दिया गया। यात्री ने आरपीएफ की तत्परता और ईमानदार कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें:- नंबर प्लेट नहीं, पुणे की धड़कन है ‘MH-12’! अस्मिता बचाने के लिए देश में पहली बार आया RTO नंबर का नया फॉर्मूला
यात्री सुरक्षा के लिए निरंतर अभियान
आरपीएफ नांदेड़ मंडल ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, अपराधियों पर शिकंजा कसने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा खोया हुआ सामान उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। रेलवे परिसर को सुरक्षित, संरक्षित और यात्री अनुकूल बनाए रखने के लिए आरपीएफ पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य कर रही है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
