Salman On Sohail Divorce: प्राइम वीडियो के चर्चित अनस्क्रिप्टेड शो ‘अलायंस’ अब अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है. इस शो के लेटेस्ट एपिसोड में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का एक बेहद इमोशनल अवतार देखने को मिला. सलमान खान ने अपने छोटे भाई सोहेल खान और उनकी एक्स-वाइफ सीमा सजदेह के रिश्ते, उनके तलाक और इसका पूरे परिवार पर पड़े असर पर बिना किसी झिझक के बात की. सलमान ने बताया कि जब ये रिश्ता टूटा तब सारा दोष सोहेल के सिर मढ़ दिया गया और सोहेल ने शो पर भी सारा ब्लेम खुद पर ले लिया. लेकिन एक बड़े भाई के तौर पर सलमान जानते हैं कि सोहेल ने इस शादी को बचाने की कितनी जी-तोड़ कोशिश की. सीमा ने भी अपनी तरफ से पूरा प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी.
सलमान खान ने सोहेल के इमोशनल डैमेज पर बात करते हुए कहा कि सोहेल ने इस रिश्ते को संभालने के लिए सब कुछ झोंक दिया था, लेकिन जब नतीजे सही नहीं, निकले तो वो अंदर से पूरी तरह टूट गए. सुपरस्टार के मुताबिक, अगर दोनों की शादी के बाद बच्चे नहीं होते, तो शायद ये नुकसान इतना बड़ा नहीं होता और परिस्थिति अलग होती. लेकिन सोहेल और सीमा के दो बेटे (निर्वाण और योहान) हैं, जिसकी वजह से इस तरह से अलग होने का असर सोहेल पर बहुत ही गहरा और लंबे समय तक रहा. सलमान ने माना कि सोहेल गुस्सा या अपनी भावनाएं बाहर जाहिर करने के बजाय सब कुछ अपने अंदर दबाकर रखते थे, जो बाद में किसी न किसी तरह बाहर निकल जाती हैं.
ये भी पढ़ें:
जो करण अर्जुन में हुआ थासलमान खान ने दिया बिग बॉस 20 का सबसे बड़ा हिंट, इस दिन से शुरू होगा शो
50-60 लोग, छिपकली और गंदा टॉयलेटअलायंस में सोहेल से मिलते ही सलमान खान को याद आए जेल के खौफनाक दिन
सलमान को लगता था डर
‘अलायंस’ में सोहेल और सीमा के एक साथ आने पर सलमान ने अपनी पुरानी चिंता का जिक्र किया. उन्होंने कबूल किया कि वो शुरुआत में दोनों के एक साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने के ख्याल से उन्हें बहुत डर लग रहा था. सलमान को डर था कि अगर ये कॉम्बिनेशन दोबारा साथ आ गया, तो सोहेल ने आगे बढ़ने की जो कोशिशें की हैं, वो फिर से शून्य पर पहुंच जाएंगी. पुराने जख्म फिर से हरे हो सकते हैं और जो कुछ बड़ी मुश्किल से संभाला गया है, वो इमोशनल बवंडर सब कुछ खत्म कर सकता है.
सीमा ने शादी को कहा था टॉक्सिक
सलमान ने सीमा के उस इंटरव्यू का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने अपनी शादी को ‘टॉक्सिक’ और ‘नफरत से भरा’ बताया था. हालांकि, सीमा ने ये भी कहा था कि अब वो अच्छे दोस्त हैं. सलमान ने कहा कि सीमा की बातें अपनी जगह हैं, लेकिन जब यह पारिवारिक दरार पैदा हुई थी, तब पूरे परिवार ने बहुत दर्द देने वाला समय देखा था.
‘हम दिल दे चुके सनम’ के दिनों की पुरानी यादें
माहौल को थोड़ा हल्का करते हुए 60 वर्षीय सलमान खान ने उस दौर को याद किया जब सोहेल को पहली बार सीमा से प्यार हुआ था. सलमान तब अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ की शूटिंग कर रहे थे. उसी दौरान सोहेल का फोन आया था और उन्होंने बताया था कि कुछ असफल रिश्तों के बाद आखिरकार उन्हें वह इंसान मिल गया है, जिसके साथ वो अपनी पूरी जिंदगी बिताना चाहते हैं.
सोहेल और सीमा ने 1998 में भागकर शादी की थी. हालांकि, 24 साल से ज्यादा समय तक साथ रहने के बाद साल 2022 में दोनों ने आधिकारिक तौर पर तलाक की अर्जी दाखिल कर दी थी. बातचीत के अंत में सलमान ने अपने भाई का मूड ठीक करने के लिए मजाकिया अंदाज में कहा कि अब सोहेल के लिए दोबारा डेटिंग शुरू करने का सही वक्त आ गया है!

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More