Sep 03, 2026 11:35 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Samsung का One UI 9 Android 17 पर बेस्ड है और इसमें Quick Panel कस्टमाइजेशन, Samsung Notes का Tape फीचर, बेहतर DeX और Game Booster जैसे कई बदलाव मिलेंगे। आइए आपको इनके बारे में बताते हैं।

OneUI 9 का बीटा वर्जन कंपनी कई डिवाइसेज के लिए रोलआउट कर रही है।
साउथ कोरियन टेक कंपनी Samsung अपने Galaxy स्मार्टफोन्स के लिए Android 17 पर बेस्ड One UI 9 अपडेट पर काम कर रही है। कंपनी ने इसका बीटा वर्जन चुनिंदा Galaxy डिवाइसेज के लिए रोलआउट करना शुरू कर दिया है। चेंजलॉग को देखकर लगता है कि इस बार Samsung ने बड़े विजुअल चेंजेस के बजाय रोजमर्रा के इस्तेमाल को बेहतर बनाने वाले फीचर्स और कंट्रोल्स पर ज्यादा ध्यान दिया है। हालांकि, आने वाले स्टेबल बिल्ड में कुछ और फीचर्स जुड़ सकते हैं। हम नए फीचर्स की लिस्ट यहां आपके लिए लेकर आए हैं।
Quick Panel में मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
One UI 9 में Quick Panel को पहले से ज्यादा कस्टमाइज करने का विकल्प मिलेगा। यूजर्स Quick Panel में मौजूद कंट्रोल्स को अपनी जरूरत के हिसाब से मैनेज कर सकेंगे। खास बात यह है कि ब्राइटनेस और वॉल्यूम स्लाइडर के साथ-साथ मीडिया प्लेयर का साइज भी बदला जा सकेगा। इसके अलावा साउंड मोड बटन को वॉल्यूम स्लाइडर से अलग करने का विकल्प भी मिलेगा। इससे यूजर्स Quick Panel को अपनी पसंद के हिसाब से ज्यादा ऑर्गनाइज कर पाएंगे।
Samsung DeX में मल्टीटास्किंग होगी आसान
Samsung के DeX प्लेटफॉर्म में भी कुछ काम के बदलाव किए जा रहे हैं। One UI 9 में एक डेस्कटॉप से दूसरे डेस्कटॉप पर किसी ऐप की विंडो को ट्रांसफर करना आसान होगा। विंडो के ऊपर दिए गए मेन्यू के जरिए उसे दूसरे डेस्कटॉप पर ले जाया जा सकेगा। इसके अलावा Recents स्क्रीन के ऊपरी हिस्से में डेस्कटॉप प्रिव्यू दिखाई देंगे। इससे यूजर्स एक टैप में अलग-अलग डेस्कटॉप के बीच स्विच कर सकेंगे। बदलाव खासतौर से उन लोगों के लिए काम का हो सकता है जो Galaxy फोन या टैबलेट को बड़े डिस्प्ले के साथ कंप्यूटर की तरह इस्तेमाल करते हैं।
Samsung Notes में मिलेगा नया Tape फीचर
One UI 9 में Samsung Notes को भी नए क्रिएटिव टूल्स मिल रहे हैं। इनमें सबसे खास Tape फीचर है। इसकी मदद से यूजर्स अपने नोट के किसी हिस्से को वर्चुअल टेप से ढक सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उसे दोबारा देख सकते हैं। इसके साथ ही Samsung Notes में नए पेन स्टाइल भी जोड़े जा रहे हैं। इससे नोट्स लिखने या ड्रॉइंग करने वाले यूजर्स को पहले से ज्यादा विकल्प मिलेंगे। Samsung ने भी One UI 9 के प्रमुख फीचर्स में Notes के नए क्रिएटिव टूल्स और पेन लाइन स्टाइल को शामिल किया है।
गेम खेलते समय बदल सकेंगे ज्यादा सेटिंग्स
गेमिंग के दौरान सेटिंग बदलना भी आसान होने वाला है। One UI 9 के Game Booster पैनल में अब ज्यादा ऑप्शंस मिलेंगे। गेम को बंद किए बिना स्क्रीन रेजॉल्यूशन, स्क्रीनशॉट फॉर्मेट और कुछ अन्य गेमिंग सेटिंग्स को सीधे Game Booster से बदला जा सकेगा। इसका फायदा उन यूजर्स को मिलेगा जो अलग-अलग गेम में परफॉर्मेंस और ग्राफिक्स के बीच बैलेंस बनाने के लिए बार-बार सेटिंग बदलते हैं।
Location Privacy को लेकर ज्यादा ट्रांसपैरेंसी
One UI 9 में लोकेशन एक्सेस को लेकर भी नया विजुअल इंडिकेटर दिया जा रहा है। जब कोई ऐप यूजर की लोकेशन एक्सेस करेगा, तो स्क्रीन के ऊपर एक ब्लू इंडिकेटर दिखाई देगा। यूजर Quick Panel में जाकर इस इंडिकेटर पर टैप करके यह देख सकेगा कि कौन-सा ऐप लोकेशन का इस्तेमाल कर रहा है। इससे यूजर्स को अपने लोकेशन डाटा पर ज्यादा नजर रखने में मदद मिलेगी।
Accessibility फीचर्स में भी कई सुधार
यूजर्स को Accessibility Settings में नया What's new सेक्शन मिलेगा, जहां यूजर्स नए Accessibility फीचर्स के बारे में जान सकेंगे और उन्हें आजमा पाएंगे। इसके अलावा Mouse Keys में स्पीड और एक्सेलरेशन को एडजस्ट करने के नए विकल्प मिलेंगे। कीबोर्ड के नंबर पैड की मदद से माउस पॉइंटर को कंट्रोल करने और क्लिक करने की सुविधा भी बेहतर की जा रही है।
Text Spotlight से पढ़ना होगा आसान
One UI 9 का एक और उपयोगी Accessibility फीचर Text Spotlight है। इसकी मदद से स्क्रीन पर मौजूद टेक्स्ट को बड़ा करके और हाइलाइट करके एक अलग फ्लोटिंग विंडो में देखा जा सकेगा। यूजर इस फीचर में फॉन्ट साइज, कलर और दूसरे ऑप्शंस को अपनी जरूरत के हिसाब से बदल सकेगा। खासतौर पर छोटे टेक्स्ट को पढ़ने में परेशानी वाले लोगों के लिए यह फीचर काम का हो सकता है।
Physical Keyboard के लिए नए Shortcuts
अगर कोई यूजर Galaxy डिवाइस के साथ फिजिकल कीबोर्ड इस्तेमाल करता है, तो One UI 9 में उसे भी कुछ नए विकल्प मिलेंगे। कीबोर्ड शॉर्टकट्स की मदद से बिना स्क्रीन को टच किए Accessibility से जुड़े जरूरी फीचर्स को एक्सेस किया जा सकेगा। इसके अलावा Samsung ने Replace swipe with single tap विकल्प की जगह भी बदली है। अब यह Dexterity and interaction मेन्यू में उपलब्ध होगा, जिससे इसे ढूंढना आसान हो सकता है।
संदिग्ध ऐप्स से सुरक्षा भी होगी मजबूत
One UI 9 में सुरक्षा को लेकर भी बदलाव किए जा रहे हैं। Samsung के अनुसार नया सिस्टम संभावित रूप से खतरनाक या हाई-रिस्क ऐप्स का पता चलने पर यूजर को चेतावनी दे सकता है। कुछ मामलों में ऐसे ऐप्स को चलने या इंस्टॉल होने से रोकने और उन्हें हटाने की सलाह देने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
बता दें, ये फीचर्स बीटा वर्जन में मिले हैं लेकिन फाइनल स्टेबल बिल्ड में इनमें कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। साथ ही कुछ और नए फीचर्स को अपडेट का हिस्सा बनाया जा सकता है।
लेखक के बारे में
Pranesh Tiwari
प्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।
विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और
कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट
गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता,
रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।
अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में
सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार
संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।
लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की
प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।
उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को खोजने का तरीका हैं।
चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही होता है।
और पढ़ें