भिण्ड में शनिवार शाम दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे शिक्षकों की बसें पुलिस ने रोक दीं। कोतवाली पुलिस ने इंदिरा गांधी चौराहे के पास बसों की चेकिंग की। दिल्ली जाने का परमिट नहीं होने का हवाला देते हुए बसों को रुकवा लिया।
.
चार बसों में सवार करीब 200 टीचर आगे जाने से रोका गया। फिर वे कोतवाली थाने पहुंच गए और घेराव कर विरोध जताया। सूचना पर सीएसपी निरंजन गुर्जर, टीआई मुकेश शाक्य समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
एसडीएम अखिलेश शर्मा भी थाने पहुंचे। शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद सभी शिक्षक वहां से चले गए।
दरअसल, आज रविवार को देशभर के शिक्षक दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले हैं। सभी टीचर्स का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार देशभर में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करना अनिवार्य किया गया है।
इसके तहत साल 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को भी टीईटी परीक्षा पास करनी होगी। सभी टीचर इसी नियम का विरोध कर रहे हैं।

कोतवाली थाना परिसर में महिला शिक्षक

सीएसपी निरंजर राजपूत से चर्चा करते हुए शिक्षक संघ के पदाधिकारीगण।
फिटनेस और दिल्ली जाने का परमिट नहीं होने पर रोका
टीचर्स का आरोप है कि उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए जिलास्तर पर ही बसों को रोकने की रणनीति बनाई गई है।
शिक्षकों के मुताबिक, बसें जैसे ही इंदिरा गांधी चौराहे से आगे बढ़ीं, कोतवाली पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने सभी बसों की जांच शुरू की। आरोप है कि कुछ बसों की फिटनेस को लेकर आपत्ति जताई गई, जबकि कुछ बसों को दिल्ली जाने की अनुमति नहीं होने की बात कहते हुए रोक लिया गया।
बसों को रोके जाने की जानकारी मिलते ही शिक्षकों में आक्रोश फैल गया। सभी शिक्षक कोतवाली थाने पहुंच गए और घेराव कर विरोध जताना शुरू कर दिया।
पुलिस बल तैनात, अधिकारियों ने सुनी शिक्षकों की बात
शिक्षकों के थाने पहुंचने की सूचना पर कोतवाली में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सीएसपी निरंजन गुर्जर और टीआई मुकेश शाक्य समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए एसडीएम अखिलेश शर्मा को भी बुलाया गया।
अधिकारियों ने शिक्षकों से कहा कि उनकी बात सुनी जाएगी और वे अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन दें। एसडीएम ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन शासन तक पहुंचाया जाएगा।
इसके बाद शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता सहित अपनी मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम अखिलेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के बाद शिक्षक वापस चले गए।
शिक्षकों के विरोध और पुलिस की कार्रवाई को लेकर करीब दो घंटे तक कोतवाली थाने में स्थिति बनी रही। इसके बाद मामला शांत हो गया।