थाने की हाजत से कैदी फरार, ड्यूटी पर तैनात दो चौकीदारों पर गिरेगी गाज; SDPO ने दिए जांच के आदेश

Published on 11 अक्टू॰ 2026

Bihar Police: बिहार के गोपालगंज में श्रीपुर थाने की हाजत से एक विचाराधीन कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है. छिनतई के आरोप में गिरफ्तार कैदी रविवार तड़के पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया. घटना के बाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था और कैदी की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं. मामले की जानकारी मिलने पर हथुआ के एसडीपीओ राजेश कुमार श्रीपुर थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच की. उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है.

फरार कैदी की पहचान श्रीपुर थाना क्षेत्र के साहूचक गांव निवासी छोटेलाल यादव के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे शनिवार शाम छिनतई के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उसे थाने की हाजत में बंद कर दिया गया था. उसकी निगरानी के लिए दो चौकीदारों की ड्यूटी लगाई गई थी.

जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब चार बजे छोटेलाल यादव पुलिस को चकमा देकर हाजत से फरार हो गया. घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया. कैदी की निगरानी के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद उसके फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

मामले में एक और अहम बात सामने आई है. कैदी के फरार होने के बाद उसकी हथकड़ी थाने में ही बरामद हुई. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह किन परिस्थितियों में फरार हुआ और उस दौरान उसकी निगरानी में कहां चूक हुई. ड्यूटी पर तैनात दोनों चौकीदारों की भूमिका भी जांच के दायरे में है.

घटना की सूचना मिलने के बाद हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार रविवार को श्रीपुर थाना पहुंचे. उन्होंने थाने में पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले की जांच की. इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और चौकीदारों को फटकार लगाई.

एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा. जांच में जिम्मेदारी तय होने के बाद संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

श्रीपुर थानाध्यक्ष सिंपी कुमारी ने मामले में मीडिया को विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया. हालांकि, उन्होंने बताया कि फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि थाने की हाजत से कैदी किस तरह फरार हुआ और इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.