अमृतसर में लेडी SHO से बदसलूकी,VIDEO: निहंगों के बीच झड़प रोकने पहुंची थी, मारपीट करते हुए खींचतान भी की - Amritsar News

Published on 18 सित॰ 2026

अमृतसर में दो निहंग गुटों में झड़प हो गई। पुलिस की कार्रवाई से नाराज धरने पर बैठे निहंग सिंहों ने मेजर सिंह पेटेवाड़ ग्रुप से जुड़े एक निहंग को रेकी के शक में रोक लिया। बहस के बाद उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और थप्पड़ मारे गए।

.

हंगामे की सूचना पर थाना गेट हकीमा की एसएचओ मनजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायल निहंग को छुड़ाने के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भी खींचतान हुई।

इस दौरान कुछ लोग निहंग को पीटने के साथ उसकी पगड़ी भी खोलते दिखे। आरोप है कि बीच बचाव करने आई लेडी एसएचओ से भी बदसलूकी की गई। बाद में पुलिस घायल निहंग को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई।

निहंग से मारपीट के PHOTOS…

निहंग से मारपीट करते दूसरे गुट के निहंग।

निहंग से मारपीट करते दूसरे गुट के निहंग।

बहस के बाद निहंग के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और थप्पड़ मारे गए।

बहस के बाद निहंग के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और थप्पड़ मारे गए।

पहले जानिए वीडियो में क्या दिख रहा…

  • धरने पर पहले नारेबाजी हुईः वीडियो की शुरुआत में धरने पर मौजूद निहंग सिंह पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते दिखते हैं। इसके बाद एक निहंग सिंह बाइक से मौके पर पहुंचता है।
  • निहंग को आते ही घेराः मौके पर मौजूद दूसरे निहंग सिंह उसे घेर लेते हैं। उसका मोबाइल और बाकी सामान चेक करने की बात होती है। इसी दौरान एक व्यक्ति फोन चेक करते हुए उसे थप्पड़ मारता नजर आता है।
  • कहासुनी के बाद मारपीट शुरूः इसके बाद कहासुनी बढ़ जाती है और कई निहंग सिंह उसकी पिटाई करते दिखाई देते हैं। डंडे, लात और थप्पड़ चलते नजर आते हैं। इसी बीच पीछे से धक्का लगने पर वह बाइक से नीचे उतर जाता है, लेकिन मारपीट फिर भी जारी रहती है।
  • SHO पहुंचीं तो माहौल और गरमायाः इसी दौरान SHO पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचती हैं और घायल निहंग सिंह को वहां से ले जाने की कोशिश करती हैं। तभी एक निहंग सिंह SHO पर उसे बचाकर ले जाने का आरोप लगाता सुनाई देता है।
  • खींचतान में दुमाला उतराः इसके बाद मौके पर मारपीट और खींचतान चलती रहती है। इसी दौरान निहंग सिंह का बंधा हुआ दुमाला उतार देते हैं। SHO के साथ भी खींचतान होती दिखाई देती है।
लेडी एसएचओ के साथ बदसलूकी करते निहंग।

लेडी एसएचओ के साथ बदसलूकी करते निहंग।

अब सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला…

  • एक दिन पहले गाड़ियों को लेकर हुआ था विवादः जथेदार बाबा दर्शन सिंह के मुताबिक, एक दिन पहले मेजर सिंह पेटेवाड़ के ग्रुप की कुछ गाड़ियां उनके घर के सामने से निकली थीं। गाड़ियों में सवार लोगों ने गोलियां चलाते हुए हुड़दंग किया। इस मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए निहंग सिंह शुक्रवार को झबाल रोड पर धरने पर बैठ गए।
  • धरने के बीच बाइक पर पहुंचा निहंगः शुक्रवार रात धरना चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे बाइक पर एक निहंग सिंह वहां पहुंचा। धरने पर बैठे लोगों को शक हुआ कि वह मेजर सिंह के पक्ष से आया है और उनकी रेकी कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते धरने पर बैठे लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
  • बाजू और टांग पर लाठी-डंडों से चोटः मारपीट में बाइक सवार निहंग की बाजू और टांग पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। हंगामा बढ़ने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना गेट हकीमा की एसएचओ मनजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और युवक को छुड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान हो गई। निहंगों ने एसएचओ से भी बदसलूकी की। पुलिस ने किसी तरह घायल युवक को अपने कब्जे में लिया और गाड़ी से थाने ले गई।
  • निहंगों ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगायाः धरने पर बैठे निहंग सिंहों ने आरोप लगाया कि पहले उनके ऊपर हमला और फायरिंग की गई थी। उनका कहना है कि मेजर सिंह का उनके साथ विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते विरोधी पक्ष की ओर से पहले फायरिंग की गई, फिर रेकी के लिए व्यक्ति भेजा गया। निहंगों ने पुलिस पर मेजर सिंह पक्ष के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की।
निहंग सिंह पहले धरना दे रहे थे। इसी दौरान दूसरे गुट का निहंग आया जिसके पकड़कर पीटने लगे। पुलिस पहुंची तो लेडी एसएचओ से भी उलझ गए।

निहंग सिंह पहले धरना दे रहे थे। इसी दौरान दूसरे गुट का निहंग आया जिसके पकड़कर पीटने लगे। पुलिस पहुंची तो लेडी एसएचओ से भी उलझ गए।

निहंग बोले- मेजर सिंह हमारे पूर्वजों के नाम से लोगों को ठग रहा

बाबा दर्शन सिंह का आरोप है कि उनके पूर्वजों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर निहंग मेजर सिंह लोगों से पैसे ठगता है। इसी बात पर दोनों गुटों में विवाद है। उनका कहना है कि बीती रात भी निहंग मेजर सिंह के कुछ लोग गाड़ियों में मौके पर पहुंचे और हवाई फायरिंग की। पुलिस मुलाजिम की मौजूदगी में गोलियां चलाई गईं और उनका आरोप है कि पुलिस इन लोगों के साथ मिली हुई है।

पुलिस बोली- गाड़ियों के निकलने पर शुरू हुआ विवाद

एसएचओ मनजीत कौर के मुताबिक, शुक्रवार को विवाद सड़क से कुछ गाड़ियों के गुजरने के दावे को लेकर शुरू हुआ। धरने पर बैठे निहंग इन गाड़ियों को मेजर सिंह की बता रहे थे। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के अनुसार, रात में कोई गाड़ी वहां से नहीं गुजरी थी। पूरे मामले की जांच चल रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।