गोहाना में SIR का दूसरा चरण शुरू: रिकॉर्ड में गड़बड़ी वाले मामलों की होगी जांच, अनियमितता मिलने पर जारी होंगे नोटिस - Gohana News

Published on 28 जुल॰ 2026

सोनीपत जिले के गोहाना में उपमंडल अधिकारी अंकित कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की है। उन्होंने सभी बीएलओ की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस चरण में उन सभी मामलों का विशेष सत्यापन किया जाएगा, जिनमें प्रारंभिक

.

एसडीएम ने बताया कि ऐसे मामलों में नोटिस जारी किए जाएंगे जहां वर्ष 2002 के रिकॉर्ड में दर्ज दादा-दादी या माता-पिता का विवरण वर्तमान जानकारी से मेल नहीं खाता। इसके अतिरिक्त, जिन मामलों में माता-पिता और बच्चों की आयु में असामान्य रूप से कम अंतर है, या भाई-बहनों के बीच जन्म का अंतर सामान्य से कम प्रतीत होता है, उन सभी संबंधित व्यक्तियों को नियमानुसार नोटिस दिए जाएंगे।

मीटिंग में बीएलओ को जानकारी देते हुए उपमंडल अधिकारी अंकित कुमार।

मीटिंग में बीएलओ को जानकारी देते हुए उपमंडल अधिकारी अंकित कुमार।

‘घर-घर जाकर स्वयं जांच करें बीएलओ’

एसडीएम ने निर्देश दिए कि संबंधित बीएलओ घर-घर जाकर स्वयं जांच करें। वे संबंधित व्यक्तियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ एसआईआर फॉर्म दोबारा भरकर जमा कराने के लिए प्रेरित करें।

इसके साथ ही, संबंधित एईआरओ और अन्य अधिकारी प्रत्येक मामले की बारीकी से जांच करेंगे और उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान करेंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और प्रमाणिक बनाना है।

'पात्र मतदाताओं को अनावश्यक असुविधा न हो'

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो। निर्धारित अवधि के भीतर प्राप्त फॉर्म एवं दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लोगों से सहयोग करने की अपील

एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सही एवं प्रमाणिक विवरण मतदाता सूची में दर्ज करना है। उन्होंने सभी संबंधित नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें नोटिस प्राप्त होता है तो वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना एसआईआर फॉर्म पुनः जमा कर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।

ये अधिकारी बैठक में हुए शामिल

इस बैठक के दौरान पवन कुमार इलेक्शन कानूनगो, प्रवीन लेखाकार और संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा ईआरओ 33 बरौदा कम एसडीएम गोहाना के निर्देशानुसार पवन कुमार इलेक्शन कानूनगो और प्रवीन मोर लेखाकार द्वारा सभी बीएलओ को विस्तार से जानकारी दी गई। सभी ईआरओ और सुपरवाइजरों को भी कल मीटिंग लेकर एसडीएम अंकित कुमार द्वारा एसआईआर के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।