
अब SIT करेगी लड़की से छेड़छाड़ मामले की जांच.
Jamui News: बिहार के जमुई जिले में सड़क किनारे एक नाबालिग लड़की और उसके दोस्त के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने केस दर्ज करने के साथ ही जांच के लिए विशेष टीम यानी SIT का गठन किया है. मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, घटना 19 सितंबर की शाम की बताई जा रही. घटना का वीडियो 21 सितंबर को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में कुछ लोग सड़क किनारे एक लड़के और लड़की के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू की. साथ ही वीडियो में नजर आ रहे वाहन के नंबर के आधार पर पीड़ित लड़के और लड़की का भी पता लगाया गया.
ये भी पढ़ें- 7 दरिंदों की हैवानियत कपल को रोका, फिर लड़की से करने लगे छेड़छाड़, जमुई का Video वायरल होने के बाद 3 अरेस्ट
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि घटना के दो दिन बाद तक पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली थी. सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पीड़ितों से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पीड़ित लड़का और लड़की एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं. पुलिस ने उनकी पहचान और अन्य निजी जानकारियों को सार्वजनिक नहीं किया.
मामले में जमुई थाने में 21 सितंबर 2026 को FIR दर्ज की गई. पुलिस ने BNS की धारा 74 और 76(3)(5) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच का अहम आधार बनाया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो फुटेज की मदद से करीब सात आरोपियों की पहचान की गई है.
3 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
जमुई पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका क्या थी. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वीडियो में पहचाने गए सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
एसपी के आदेश पर SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के आदेश पर विशेष जांच टीम यानी SIT बनाई गई है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. SIT की टीम वायरल वीडियो, घटनास्थल, आरोपियों की पहचान और पीड़ितों के बयान समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर चुकी है.
ये भी पढ़ें- सरकार बताए सड़क पर लड़की सुरक्षित क्यों नहीं? जमुई की घटना पर राहुल का सवाल
महिला आयोग ने मांगी पूरे मामले की रिपोर्ट
मामले का बिहार राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि लड़कियों और महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. आयोग ने जमुई के जिलाधिकारी से मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. महिला आयोग की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. आयोग पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर भी नजर रख रहा है.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने घटना को लेकर एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने घटना को बेहद विचलित करने वाला बताया और आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की. आम आदमी पार्टी ने भी घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए. वहीं, सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने कहा कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
Read More