JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर झारखंड में जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में सोनाक्षी सिन्हा उतरीं। उन्होंने पोस्ट शेयर कर सवाल उठाया- देश के छात्रों को ऐसे कब तक परेशान होना पड़ेगा?
छात्रों के समर्थन में उतरीं सोनाक्षी सिन्हा
- Published: 04 Aug 2026, 04:44 PM IST
- Last Updated: 04 Aug 2026, 04:44 PM IST
Sonakshi Sinha On Jharkhand Student Protest: सोनाक्षी सिन्हा ने झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर छात्रों की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि देश के छात्रों को इस तरह परेशान होते देखना दुखद है।
इंस्टाग्राम पर शेयर की पोस्ट

सोनाक्षी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर झारखंड छात्र आंदोलन से जुड़ी एक रील शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "देश के छात्रों को इस तरह परेशान होते देखना बहुत दुखद है... आखिर ये सब कब रुकेगा?" उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और कई लोग उनके इस समर्थन की सराहना कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
झारखंड में 29 जुलाई से छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं। छात्रों का कहना है कि राज्य सरकार इस मामले की जांच CID से कराकर इसे दबाने की कोशिश कर रही है। इसलिए वे CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
CID जांच पर उठाए सवाल
छात्रों का कहना है कि उन्हें CID की जांच पर भरोसा नहीं है। उनके मुताबिक, पहले JSSC-CGL पेपर लीक मामले में भी CID ने माना था कि 150 में से 135 सवाल पहले ही लीक हो चुके थे, जबकि 120 सवाल परीक्षा के प्रश्नपत्र से पूरी तरह मेल खाते थे।
क्या चाहते हैं छात्र?
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि 19 अप्रैल को हुई 14वीं JPSC संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा को रद्द किया जाए। इसके अलावा वे भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों की CBI और ED से जांच कराने और OMR शीट में 'Not Attempted' (प्रश्न नहीं किया) का पांचवां विकल्प जोड़ने की भी मांग कर रहे हैं।
एक अभ्यर्थी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार की वजह से हजारों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश छात्र किसान परिवारों से आते हैं और वे सिर्फ योग्यता के आधार पर निष्पक्ष अवसर चाहते हैं।
CJP ने भी दिया समर्थन
इस बीच Cockroach Janta Party (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी झारखंड के छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बात की है और उनकी पार्टी झारखंड के सभी छात्रों की मांगों के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़े- '1 रुपये भी लिया हो तो...', CJP को सपोर्ट करने के बदले 1 लाख लेने के आरोप पर भड़कीं उर्फी जावेद