क्या '3 इडियट्स' का रैंचो सच में सोनम वांगचुक से प्रेरित था? आमिर खान ने पहली बार इस दावे पर बड़ा खुलासा किया और उनकी भूख हड़ताल पर भी प्रतिक्रिया दी।
Sonam Wangchuk की भूख हड़ताल पर Aamir Khan ने तोड़ी चुप्पी
- Published: 17 Jul 2026, 10:16 AM IST
- Last Updated: 17 Jul 2026, 10:17 AM IST
Aamir Khan On Sonam Wangchuk Hunger Stike: आमिर खान ने आखिरकार सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में आयोजित 'लगान' की 25वीं सालगिरह के कार्यक्रम के दौरान आमिर खान से सोनम वांगचुक और '3 इडियट्स' के बीच संबंध को लेकर सवाल पूछा गया। इस दौरान उन्होंने आमिर ने साफ कहा कि फिल्म में उनका किरदार फुनसुख वांगडू (रैंचो) सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था।
गलतफहमी पर दी सफाई
Today at @BFI I asked Mr Amir Khan about @Wangchuk66 and his fast. Here is his response: @abhijeet_dipke @CJP_2029 @Cockroachisback @SauravDassss pic.twitter.com/jkeKFssrDX
— nabanita sircar (@sircarnabanita) July 16, 2026
आमिर खान ने कहा कि फिल्म बनाते समय न तो वह और न ही निर्देशक राजकुमार हिरानी और लेखक अभिजात जोशी सोनम वांगचुक को जानते थे। उन्होंने कहा, "यह एक गलतफहमी है। मैंने हाल ही में 'चतुर' का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य का वीडियो देखा, लेकिन वह गलत हैं। जब हम '3 इडियट्स' बना रहे थे, तब हममें से कोई भी सोनम जी को नहीं जानता था।"
सम्मान के लिए फिल्म से जुड़ना जरूरी नहीं
आमिर ने कहा कि सोनम वांगचुक जो काम कर रहे हैं, वह अपने आप में सम्मान के योग्य है। इसके लिए उनका किसी फिल्म के किरदार से जुड़ा होना जरूरी नहीं है।
उन्होंने कहा, "सोनम जी का काम बहुत अच्छा है। हमें उनका सम्मान करने के लिए यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि किसी फिल्म का किरदार उन पर आधारित था। मैं सिर्फ सच बताना चाहता हूं।"
सेहत को लेकर जताई चिंता
सोनम वांगचुक की लगातार चल रही भूख हड़ताल पर भी आमिर खान ने अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि हर कोई उनकी सेहत को लेकर फिक्र में है और उम्मीद कर रहा है कि जल्द कोई समाधान निकले। आमिर ने कहा, "हम सभी सोनम जी की सेहत को लेकर चिंतित हैं। हमारी यही कामना है कि सब कुछ ठीक हो जाए और वह जल्द अपना अनशन खत्म करें।"
सोनम वांगचुक पहले भी दे चुके हैं जवाब
सोनम वांगचुक भी कई बार इस मुद्दे पर अपनी बात रख चुके हैं। 'कौन बनेगा करोड़पति' में उन्होंने कहा था कि अगर लोग यह कहें कि फिल्म उनके काम से प्रेरित थी तो उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन यह कहना सही नहीं होगा कि पूरी फिल्म या किरदार उनकी कहानी पर आधारित था। उन्होंने यह भी कहा था कि किसी व्यक्ति के काम को सिर्फ इसलिए महत्व नहीं मिलना चाहिए क्योंकि उसका नाम किसी फिल्म से जुड़ गया है।
20वें दिन भी जारी है अनशन
सोनम वांगचुक 28 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वह NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। लगातार अनशन के कारण उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। कई राजनीतिक नेताओं और बॉलीवुड हस्तियों ने भी उनसे स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनशन खत्म करने की अपील की है।
यह भी पढ़े- क्या दीपिका पादुकोण ने लगाई थी Sonam Wangchuk के स्पोर्ट में इंस्टाग्राम स्टोरी? फैक्ट चेक में हुआ खुलासा