Sugar-Free Kalakand Recipe: रक्षाबंधन पर घर की मिठाई बनाना चाहते हैं तो यह कलाकंद रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसमें रिफाइंड चीनी की जगह शुगर-फ्री स्वीटनर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
बिना चीनी के बनाएं ये हाई-प्रोटीन कलाकंद(AI generated)
- Published: 23 Aug 2026, 09:16 AM IST
- Last Updated: 23 Aug 2026, 09:21 AM IST
Raksha Bandhan Sugar-Free Kalakand: रक्षाबंधन पर मिठाई का स्वाद लेना है, लेकिन ज्यादा चीनी भी अवॉइड करना चाहते है, तो घर पर बिना रिफाइंड चीनी वाला हाई-प्रोटीन कलाकंद बना सकते हैं। आमतौर पर इसे चीनी से तैयार किया जाता है, लेकिन आप रिफाइंड चीनी कम करना चाहते हैं तो इसकी रेसिपी में थोड़ा बदलाव किया जा सकता है।
घर पर तैयार किए गए कलाकंद में मिठास अपनी पसंद के हिसाब से रखी जा सकती है। साथ ही दूध, पनीर और मिल्क पाउडर जैसी सामग्री इसे ज्यादा प्रोटीन वाला विकल्प बनाने में मदद करती है। रक्षाबंधन पर घर की मिठाई बनाना चाहते हैं, तो यह कलाकंद रेसिपी ट्राई कर सकते हैं।
सामग्री
- 1 लीटर फुल क्रीम दूध
- 200 ग्राम पनीर
- 3-4 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर
- ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 छोटा चम्मच घी
- स्वादानुसार शुगर-फ्री स्वीटनर
- बादाम और पिस्ता
बनाने की विधि
स्टेप 1: सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही या पैन लें। इसमें 1 लीटर फुल क्रीम दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। दूध को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह पैन के तले में न लगे।
स्टेप 2: दूध को लगातार पकाते हुए थोड़ा कम होने दें। जब दूध की मात्रा कम होकर गाढ़ी होने लगे, तो आंच धीमी कर दें। इस दौरान दूध को चलाते रहना जरूरी है।
स्टेप 3: अब पनीर को अच्छी तरह मसलकर या क्रम्बल करके दूध में डालें। इसके बाद मिल्क पाउडर भी मिला दें। दोनों चीजों को दूध के साथ अच्छी तरह मिक्स करें।

स्टेप 4: अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। धीरे-धीरे दूध, पनीर और मिल्क पाउडर मिलकर गाढ़े मिश्रण में बदलने लगेंगे। मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक यह पैन के किनारों को छोड़ने न लगे और कलाकंद जैसी कंसिस्टेंसी न बन जाए।
स्टेप 5: अब इसमें स्वाद के अनुसार चीनी-विहीन स्वीटनर और इलायची पाउडर डालें। दोनों को अच्छी तरह मिलाकर 1-2 मिनट और पकाएं।
ध्यान रखें: स्वीटनर को बहुत ज्यादा मात्रा में डालने से स्वाद बिगड़ सकता है, इसलिए इसे धीरे-धीरे मिलाना बेहतर है।
स्टेप 6: एक ट्रे में हल्का सा घी लगाएं। तैयार कलाकंद के मिश्रण को इसमें डालकर चम्मच की मदद से बराबर फैला दें। ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर हल्के हाथ से दबा दें।
स्टेप 7: कलाकंद को कमरे के तापमान पर कुछ देर ठंडा होने दें। इसके बाद इसे सेट होने के लिए फ्रिज में रख सकते हैं। अच्छी तरह सेट होने के बाद चाकू से चौकोर या अपनी पसंद के आकार में टुकड़े काट लें।
डायबिटीज वालों के लिए जरूरी बात
रिफाइंड चीनी न डालने का मतलब यह नहीं कि कलाकंद पूरी तरह शुगर-फ्री है। दूध में प्राकृतिक शुगर यानी लैक्टोज मौजूद होता है। डायबिटीज होने पर स्वीटनर और इसकी मात्रा डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह से तय करें।
कलाकंद बनाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- कलाकंद की सही कंसिस्टेंसी के लिए दूध को जल्दबाजी में तेज आंच पर न पकाएं।
- धीमी आंच पर पकाने से मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा होता है और स्वाद भी बेहतर रहता है।
- पनीर जितना ताजा होगा, कलाकंद का स्वाद और टेक्सचर उतना ही अच्छा आएगा।
यह भी पढ़ें: बची रोटियों को न समझें बेकार, नाश्ते से डेजर्ट तक बनाएं ये 5 स्वादिष्ट डिश