Sun Transit in Virgo 2026: ज्योतिष शास्त्र में सूर्य देव को ग्रहों का राजा माना जाता है. सूर्य हर महीने राशि परिवर्तन करते हैं और इसका असर सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन पर देखने को मिलता है. अब 17 सितंबर 2026 को सूर्य सिंह राशि से निकलकर कन्या राशि में प्रवेश करने वाले हैं. सूर्य करीब एक महीने तक कन्या राशि में रहेंगे और इसके बाद 17 अक्टूबर को तुला राशि में गोचर करेंगे.
सूर्य के कन्या राशि में प्रवेश करने के दिन को कन्या संक्रांति कहा जाता है. इस दिन सूर्य देव की पूजा और उन्हें अर्घ्य देने का विशेष महत्व माना जाता है. मान्यता है कि कन्या संक्रांति पर स्नान-दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है. इस दिन जरूरतमंदों को अन्न, कपड़े और जरूरी सामान का दान करना शुभ माना जाता है. कई जगहों पर इसी दिन भगवान विश्वकर्मा की पूजा भी की जाती है. इसके अलावा पितरों की शांति के लिए तर्पण और श्राद्ध करने की भी परंपरा है.
सूर्य का कन्या राशि में गोचर 2026
सूर्य देव 17 सितंबर 2026 की सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर कन्या राशि में प्रवेश करेंगे. कन्या राशि बुध की राशि है. ऐसे में सूर्य के यहां पहुंचने पर सूर्य और बुध की युति बनेगी, जिससे बुधादित्य योग का निर्माण होगा. ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस योग और सूर्य के गोचर का असर कुछ राशियों के लिए खास तौर पर शुभ रह सकता है. नौकरी, कारोबार, धन और मान-सम्मान से जुड़े मामलों में लाभ मिलने के योग बन सकते हैं.
मेष राशि
सूर्य का गोचर मेष राशि वालों के लिए करियर और आर्थिक मामलों में अच्छा साबित हो सकता है. नौकरी करने वालों को नए मौके मिल सकते हैं और आमदनी बढ़ने के संकेत हैं. कारोबारियों के लिए भी नई डील या किसी बड़े प्रोजेक्ट से फायदा होने की संभावना है. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को भी अच्छी खबर मिल सकती है.
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए ये गोचर कार्यक्षेत्र में तरक्की के रास्ते खोल सकता है. नौकरी में बड़ी जिम्मेदारी या पद मिलने के योग हैं, वहीं व्यापार में कोई महत्वपूर्ण डील भविष्य में अच्छा मुनाफा दे सकती है. प्रॉपर्टी या वाहन खरीदने का विचार बना रहे हैं तो समय अनुकूल रह सकता है. अटके हुए काम भी गति पकड़ सकते हैं.
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए सूर्य का ये गोचर आर्थिक रूप से मजबूत स्थिति बना सकता है. लंबे समय से रुका पैसा वापस मिलने की उम्मीद है और नौकरी में प्रमोशन के योग बन सकते हैं. कारोबार में अच्छा लाभ मिल सकता है. कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और समाज में मान-सम्मान भी बढ़ सकता है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More