
दिलीप ट्रॉफी में तिलक का कमाल (फोटो-बीसीसीआई स्क्रीनशॉट)
Tilak Varma in Duleep Trophy 2026: बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने कमाल बैटिंग कर अपनी टीम को बचा लिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में शानदार शतक लगाया. तिलक का ये शतक इसलिए शानदार रहा क्योंकि एक समय उनकी टीम 80 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी. नॉर्थ जोन के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ आग उगलते हुए चार विकेट चटका चुके थे. लेकिन तिलक ने श्रेयस गोपाल के साथ मिलकर अपनी टीम को झटके से उबार लिया.
तिलक वर्मा का कमाल
तिलक वर्मा ने 92वें ओवर में गुरनूर बराड़ की गेंद पर चौका लगाकर अपनी सेंचुरी पूरी की. ये सेंचुरी तिलक ने 218 गेंदों में हासिल की. तिलक वर्मा की धैर्य से भरी इस पारी ने नॉर्थ जोन की सारी उम्मीदें तोड़कर रख दी. वैसे तिलक वर्मा का साथ श्रेयस गोपाल ने बखूबी दिया. ये ऑलराउंडर 88 रन बनाने में कामयाब रहा. बड़ी बात ये रही कि तिलक वर्मा के साथ गोपाल ने 175 रनों की साझेदारी की. ये दोनों बल्लेबाज 334 गेंदों तक मैदान में टिके रहे.
That moment when Tilak Varma got to his 💯 🙌
The South Zone captain leads from the front with a gritty century 💪#DuleepTrophy pic.twitter.com/uSlM9xN6Vw
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) August 31, 2026
तिलक की उम्र 23 साल लेकिन आंकड़े हैं बवाल
तिलक वर्मा की बात करें तो इस खिलाड़ी ने महज 23 साल की उम्र में 19 शतक ठोक दिए हैं. तिलक ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 8 शतक लगाए हैं. लिस्ट ए में उनके नाम 6 शतक हैं. वहीं टी20 क्रिकेट में तिलक 5 सेंचुरी जड़ चुके हैं. इतनी कम उम्र में जिस तरह की बैटिंग तिलक कर रहे हैं, उसे देखकर यही लग रहा है कि ये खिलाड़ी लंबे वक्त तक इंटरनेशनल क्रिकेट पर राज करेगा.
तिलक वर्मा कब आएंगे नजर?
तिलक वर्मा जल्द टीम इंडिया की जर्सी में अफगानिस्तान के खिलाफ नजर आएंगे. 13 सितंबर से भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. तिलक वर्मा उपकप्तान हैं. तीनों ही मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे. हालिया दिनों में तिलक वर्मा के स्ट्राइक रेट पर सवाल खड़े हुए हैं. अब देखना ये है कि ये खिलाड़ी कैसे आलोचकों को जवाब देता है.

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More