भाजपा ने एक्ट्रेस कोयल मल्लिक को पश्चिम बंगाल में राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है. कोयल मल्लिक ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद तृणमूल सांसद का पद छोड़ दिया था. ऐसी अटकलें थीं कि कोयल मल्लिक को राज्यसभा भेजा जाएगा. रविवार को भाजपा ने इस अफवाह पर अपनी मुहर लगा दी. इस बार भाजपा ने उन्हें उनकी खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है.
कोयल मल्लिक, जो एक लोकप्रिय बंगाली फिल्म एक्ट्रेस हैं, को इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की TMC ने राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया था. उन्होंने 6 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद बिना एक भी सत्र में शामिल हुए पद से इस्तीफा दे दिया. चुनाव आयोग ने कोयल मल्लिक द्वारा खाली की गई सीट के लिए 16 अक्टूबर को राज्यसभा उपचुनाव तय किया है. भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है.
कौन हैं कोयल मल्लिक?
कोयल मल्लिक, जिन्हें रुक्मिणी मल्लिक के नाम से भी जाना जाता है, बंगाली सिनेमा के जाने-माने चेहरों में से एक हैं. वह जाने-माने बंगाली एक्टर रंजीत मल्लिक और उनकी पत्नी दीपा मल्लिक की बेटी हैं.
उनके पास साइकोलॉजी में ऑनर्स के साथ बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc) की डिग्री है. मल्लिक ने गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज से हायर एजुकेशन करने से पहले कोलकाता के मॉडर्न हाई स्कूल फॉर गर्ल्स से अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की.
बंगाली एक्ट्रेस ने 2013 में निसपाल सिंह से शादी की. बाद में उन्होंने बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से सक्रिय राजनीति में अचानक कदम रखा, जब ममता बनर्जी ने उन्हें राज्यसभा के लिए टीएमसी उम्मीदवार बनाया. उन्होंने 6 अप्रैल, 2026 को सांसद के तौर पर शपथ ली, लेकिन संसद में उनका समय कुछ ही महीनों तक चला और 16 जुलाई को उन्होंने इस्तीफा दे दिया.
कोयल मल्लिक को क्या बगावत का मिला पुरस्कार?
मल्लिक ने इस साल जुलाई में दिल्ली में राज्यसभा चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, ठीक तब जब उनकी पार्टी को राज्य चुनावों में बड़ा झटका लगा था और ममता बनर्जी की पार्टी हार गई थी. कोयल मल्लिक ने राज्यसभा के सासंद पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव से मुलाकात की थी. तब से ही अटकलें लगाई जा रही थी.
इस बीच, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है. उससे पहले, एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि कोयल इस बार भाजपा की उम्मीदवार होंगी.
ये भी पढ़ें-राज्यसभा उपचुनाव के लिए BJP ने उतारे उम्मीदवार, उत्तराखंड से दिनेश आर्य तो बंगाल से कोयल मल्लिक को टिकट

अजय विद्यार्थी
कलकत्ता यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन. प्रभात खबर में बतौर सीनियर न्यूज़ एडिटर काम किया. ग्राउंड रिपोर्टिंग और एडिटिंग में करीब 20 सालों से ज्यादा का अनुभव. राजस्थान पत्रिका में चीफ रिपोर्टर रहने के दौरान कई ऐसी स्टोरी की, जिन्हें सराहा गया.
Read More