UP में BJP से अलग लड़ेगी JDU-40 सीटों पर तैयारी: निशांत संभालेंगे चुनाव की कमान, दुर्गा पूजा के बाद इलेक्शन कैंपेन की शुरुआत - Bihar News

Published on 23 सित॰ 2026

JDU एक बार फिर उत्तर प्रदेश में BJP से अलग होकर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव से 6 महीने पहले पार्टी अपने संगठन को एक्टिव करने में जुट गई है। पहली बार किसी राज्य के विधानसभा के चुनाव की कमान नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार

.

यूपी चुनाव में JDU के चुनावी कैंपेन का आगाज बिहार के हेल्थ मिनिस्टर निशांत कुमार दुर्गा पूजा के तुरंत बाद 25 अक्टूबर को करेंगे। बनारस में उनकी एक मेगा रैली आयोजित की गई है। इसमें JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

क्या BJP UP में एक बार फिर अकेले चुनाव लड़ेगी? पार्टी की जमीन पर क्या तैयारी है? राज्य में संगठन की क्या स्थिति है? क्या BJP से गठबंधन संभव है? कब-कब पार्टी यूपी में चुनाव लड़ी? 5 पॉइंट में पूरा मामला समझिए...

1. क्या JDU उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है?

इस सवाल पर उत्तर प्रदेश JDU के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने बताया, 'हम चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने संगठन विस्तार शुरू कर दिया है।’

2. चुनाव को लेकर पार्टी की क्या प्लानिंग है?

  • JDU दुर्गा पूजा के बाद अपने चुनावी कैंपेन का आगाज करेगी। 25 अक्टूबर को बनारस में पार्टी एक मेगा रैली आयोजित कर रही है। इसका नाम राज्य स्तरीय सम्मेलन रखा गया है। इसमें बतौर चीफ गेस्ट नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार होंगे।
  • निशांत के साथ संजय झा और JDU के दूसरे सीनियर लीडर भी शामिल होंगे।
  • इससे पहले पार्टी के प्रदेश प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार लगातार यूपी के अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं।
  • वह अगले एक महीने में यूपी के बलिया, भदोई समेत अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे और संगठन को मजबूत करेंगे।

3. क्या कैंडिडेट सिलेक्शन की प्रक्रिया शुरू हो गई है?

  • यूपी JDU के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने कहा, 'अभी पार्टी का पूरा फोकस संगठन को नए सिरे से तैयार करने पर है।
  • हम बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक अपने संगठन को नए सिरे से तैयार कर रहे हैं। युवाओं को अपने साथ जोड़ने के प्रयास में जुटे हैं।
  • निशांत कुमार के कार्यक्रम के बाद विधानसभा के हिसाब से नेताओं का बायोडाटा मांगा जाएगा। इसके आधार पर कैंडिडेट को शॉर्टलिस्ट कर लिया जाएगा।

4. JDU कब-कब यूपी में चुनाव लड़ी और कितने सीटों पर जीती?

  • UP में अब तक JDU अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज नहीं करा पाई है। अब तक पार्टी तीन विधानसभा चुनाव लड़ी, लेकिन किसी भी चुनाव में 1 प्रतिशत वोट हासिल नहीं कर पाई।
  • 2007 से 2022 के बीच JDU के यूपी प्रदर्शन को देखें तो पार्टी का वोट आधार लगातार सीमित रहा। 2007 में 0.42% से शुरू हुआ वोट शेयर 2012 में 0.36% और 2022 में 0.11% रह गया।
  • पार्टी 2007 में 16 सीटों पर चुनाव लड़ी और एक सीट जीतने में सफल रही थी। उसे कुल 2,21,594 वोट मिले थे। यह कुल वोटों का 0.42% था।
  • इसके बाद 2012 में JDU ने यूपी में अपना सबसे बड़ा चुनावी विस्तार किया। पार्टी 403 विधानसभा सीटों में से 219 सीटों पर उम्मीदवार उतारी, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी। उसे 2,70,303 वोट, यानी कुल वैध मतों का 0.67% और राज्य में 0.36% वोट शेयर मिला।
  • 2017 में पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। उस समय JDU ने कहा था कि वह चुनाव लड़कर धर्मनिरपेक्ष वोटों को बांटना नहीं चाहती।
  • 2022 में JDU ने एक बार फिर यूपी में चुनाव लड़ने की कोशिश की। शुरुआत में पार्टी की योजना भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की थी। JDU ने भाजपा के सामने 31 उम्मीदवारों की सूची भी रखी थी, लेकिन सीटों को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया।
  • JDU ने 27 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे। नतीजे में पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी और उसे 97,738 वोट यानी 0.11% वोट शेयर मिला।

5.16 जिलों में कुर्मी की आबादी 7% से ज्यादा

2001 की यूपी सोशल जस्टिस कमेटी के अनुमान में यूपी में कुर्मी की आबादी करीब 7.46% बताई गई है। अलग-अलग राजनीतिक अध्ययनों में 16 प्रमुख जिलों में कुर्मी/पटेल वोट का अनुमान 6–12% के बीच बताया गया है। हालांकि इसका आधिकारिक आंकड़ा फिलहाल कहीं नहीं है। एक अनुमान और अलग-अलग रिपोर्ट के आधार पर ये दावा किया जाता है।