'मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है, अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती', कुवैत में फंसी महिला की गुहार-VIDEO

Published on 3 सित॰ 2026

Time Published: Thursday, September 3, 2026, 23:49 [IST]

Tamil Nadu Woman Trapped In Kuwait Case: कुवैत से सामने आए एक वीडियो ने तमिलनाडु के कल्लकुरिचि जिले के अधिकारियों का ध्यान खींचा है। वीडियो में एक महिला खुद को वनिता बताते हुए मदद की गुहार लगाती नजर आ रही है। महिला का आरोप है कि कुवैत में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने के दौरान उसे प्रताड़ित किया जा रहा है और पिछले दो महीनों से उसे वेतन भी नहीं मिला है।

वीडियो में वनिता सिर पर दुपट्टा लिए एक छोटे कमरे में दिखाई दे रही है। वह हाथ जोड़कर कल्लकुरिचि की जिला प्रशासन और पुलिस से उसे वहां से निकालकर भारत वापस लाने की अपील करती है।

tamil-nadu-woman-trapped

'अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती'

वीडियो में महिला कहती है कि वह कल्लकुरिचि जिले की रहने वाली है और करीब तीन महीने पहले काम के लिए विदेश गई थी। उसका कहना है कि वहां पहुंचने के बाद से ही उसे परेशान किया जा रहा है।

वनिता ने प्रशासन से मदद की अपील करते हुए कहा कि उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। उसने यह भी दावा किया कि उसे दो महीने से मेहनताना नहीं मिला है और अब वह स्थिति को और सहन करने की हालत में नहीं है।

परिवार ने एजेंट पर लगाया धोखे का आरोप

वीडियो सामने आने के बाद तमिलनाडु के अधिकारियों ने वनिता की पहचान और उसके परिवार की जानकारी की पुष्टि की। इसके बाद उसके परिवार से संपर्क किया गया। परिवार की ओर से वनिता को कुवैत से वापस लाने के लिए शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

वनिता की मां वेनिला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को कुवैत में नौकरी दिलाने के नाम पर एक एजेंट ने धोखा दिया। परिवार के मुताबिक, वनिता के एक बेटा और एक बेटी हैं और वह घरेलू काम करने के लिए कुवैत गई थी।

वेनिला का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उनकी बेटी के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जाने लगा। उन्होंने अधिकारियों से अपनी बेटी को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

कल्लकुरिचि की पुलिस अधीक्षक शाहनाज ने बताया कि अधिकारियों ने वनिता के जिले की निवासी होने की पुष्टि कर ली है और उसके परिवार का भी पता लगा लिया गया है। पुलिस को परिवार की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है।

पुलिस के मुताबिक, वनिता को वापस लाने और मामले में आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया है। उसे सुरक्षित भारत वापस लाने के प्रयास जारी हैं।