
डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू पूरा हो सका.
Telangana News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मूसापेट स्थित अंजनैया नगर इलाके से एक बेहद खौफनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां तीन-मंजिला इमारत में लिफ्ट की दीवार और ग्रिल के बीच फंसे 40 वर्षीय व्यक्ति को HYDRA (हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी) और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. यह हादसा पुरानी ग्रिल वाली लिफ्ट का सेंसर ठीक से काम न करने और अचानक लिफ्ट के चलने के कारण हुआ.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीड़ित मुरली (40 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ ग्राउंड फ्लोर से दूसरी मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे. जैसे ही लिफ्ट दूसरी मंजिल पर पहुंची, मुरली बाहर निकलने लगे. इसी दौरान तीसरी मंजिल से किसी व्यक्ति ने लिफ्ट का बटन दबा दिया. लिफ्ट का सेंसर खराब होने के कारण दरवाजा पूरी तरह बंद हुए बिना ही लिफ्ट अचानक तेजी से ऊपर की ओर चलने लगी. इस दौरान मुरली का एक पैर लिफ्ट के अंदर और दूसरा बाहर ही रह गया, जिससे उनका शरीर लिफ्ट, ग्रिल और दीवार के बीच में फंस गया और वे हवा में उल्टा लटक गए.
पत्नी के चिल्लाने पर बुलाई गई HYDRA DRF की टीम
घटना के तुरंत बाद मुरली की पत्नी के चीखने-चिल्लाने पर इमारत के लोग मदद के लिए दौड़े. स्थानीय लोगों द्वारा प्रयास असफल रहने पर सुबह 9:15 बजे HYDRA कंट्रोल रूम को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पास के कुकटपल्ली में तैनात HYDRA आपदा प्रतिक्रिया बल (DRF) की टीम मार्शल जे.डी.वी. प्रसाद के नेतृत्व में सुबह 9:30 बजे मौके पर पहुंच गई.
हाइड्रॉलिक कटर से दीवार काटकर डेढ़ घंटे में निकाला बाहर
HYDRA मार्शल जे.डी.वी. प्रसाद ने बताया कि मुरली का पैर दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच बुरी तरह ग्रिल में फंसा हुआ था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सनतनगर फायर स्टेशन की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. फायर ब्रिगेड और DRF की टीम ने हाइड्रॉलिक कटर का उपयोग कर लिफ्ट की दीवार के हिस्से और ग्रिल को काटा. लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस बेहद संवेदनशील और कठिन ऑपरेशन के बाद सुबह 10:50 बजे मुरली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
ये भी पढ़ें: मेरी आंखों के सामने पति को मार डाला, नालंदा में 1000 रुपये बकाया पर दंपति को तालिबानी सजा, पत्नी ने खिड़की से कूदकर बचाई जान
पैर में हुआ फ्रैक्चर, अस्पताल में भर्ती
रेस्क्यू के तुरंत बाद पीड़ित मुरली को पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि लिफ्ट में दबने के कारण उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है. इस साहसिक और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में HYDRA DRF के मार्शल जे.डी.वी. प्रसाद, एर्रासानी अनिल कुमार, जम्मा रमेश, वीता रमेश, पल्लीकामिटी गोपी और पुलिस कांस्टेबल नरेश की मुस्तैदी और जांबाजी की स्थानीय निवासियों ने जमकर सराहना की है.

नूर मोहम्मद शेख
हैदराबाद की हर छोटी से बड़ी खबरों पर पैनी नजर और सनसनीखेज घटनाओं को जल्द से जल्द दर्शकों तक पहुंचाने की कला शेख नूर मोहम्मद को बखूबी आती है. आजतक और एनडीटीवी जैसे राष्ट्रीय चैनल में काम करने के बाद साल 2007 से Tv9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हैं. TV9 तेलुगु में विभिन्न पदों पर रिपोर्टर के रूप में काम करते हुए साल 2016 में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में पदोन्नत हुए, तब से दक्षिणी राज्यों के लिए TV9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है.
Read More