Women's Asia Cup 2026: भारत ने थाइलैंड को मैच में हराने के बाद पॉइंट्स टेबल में भी पटका, आगे मिलेगा ये फायदा

Published on 31 अग॰ 2026

Women's Asia Cup 2026: भारत ने थाइलैंड को मैच में हराने के बाद पॉइंट्स टेबल में भी पटका, आगे मिलेगा ये फायदा

भारत ने थाईलैंड को दिए 2 बड़े झटके. (फोटो- GETTY)

Women’s Asia Cup 2026 Points Table: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एसीसी महिला एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है. दुबई में खेले गए अपने पहले मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने थाईलैंड को 94 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. इस एकतरफा जीत के साथ ही टीम इंडिया ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, नेट रन रेट के मामले में भी वो काफी आगे निकल गई है.

भारत ने थाईलैंड को दिए 2 झटके

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शेफाली वर्मा की आतिशी फिफ्टी की बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट पर 159 रन बनाए. जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजी के आगे 16.1 ओवरों में महज 65 रनों पर ढेर हो गई. इस बड़ी जीत और 4.700 के मजबूत नेट रन रेट (NRR) के साथ भारत पहले स्थान पर काबिज हो गया है. वहीं, थाईलैंड दूसरे पायदान पर खिसक गया है, जिसने पहले मैच में हॉन्ग-कॉन्ग को हराया था.

थाईलैंड को हार के साथ-साथ नेट रन रेट का भी काफी नुकसान हुआ है. इस बड़ी हार के बाद उसका नेट रन रेट -2.200 हो गया है. ऐसे में भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब सिर्फ 1 जीत ही काफी होगी. भारत को अब हॉन्ग कॉन्ग और पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं. वहीं, हॉन्ग कॉन्ग 1 हार के साथ फिलहाल तीसरे स्थान पर है और पाकिस्तान ने अभी कोई मुकाबला नहीं खेला है. ग्रुप-बी में श्रीलंका ने मेजबान यूएई के खिलाफ रिकॉर्ड जीत दर्ज कर टॉप स्थान पर कब्जा कर रखा है, वहीं बांग्लादेश और इंडोनेशिया को अपना पहला मैच खेलना है.

दीप्ति और शेफाली ने दिखाया दम

भारत की इस बड़ी जीत में दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा का बड़ा योगदान रहा. शेफाली वर्मा ने सिर्फ 36 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 64 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिसके चलते भारत इस मजबूत स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही. वहीं, टारगेट को डिफेंड करते हुए दीप्ति ने बिना कोई रन खर्च किए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. इस स्पैल के साथ दीप्ति महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गईं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button