मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से 'भारत टैक्सी' सेवा और 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' का शुभारंभ किया। इस दौरान चालकों को बिना कमीशन के 5 लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा देने तथा किसानों के लिए कृषि ऋण की ब्याज दर 11% से घटाकर 6% करने का ऐतिहासिक ऐलान किया गया।
'भारत टैक्सी' पहल के तहत टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक बिना किसी कमीशन के सीधे ऐप से जुड़ सकेंगे।
- Published: 23 Sep 2026, 03:26 PM IST
- Last Updated: 23 Sep 2026, 03:26 PM IST
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल की मौजूदगी में प्रदेश के टैक्सी चालकों और अन्नदाता किसानों को दो बड़े ऐतिहासिक उपहार दिए। लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सीएम योगी ने 'भारत टैक्सी' सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वहीं 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' का ई-पोर्टल, 'उर्वरक सेतु' और 'यूपीसीडीसी' ऐप भी लॉन्च किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सहकारिता क्षेत्र के पुनरुद्धार की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार अलग सहकारिता मंत्रालय बनने से किसानों और आम नागरिकों को सीधे लाभ पहुंच रहा है।
जीरो कमीशन पर 'भारत टैक्सी' और 5 लाख की सामाजिक सुरक्षा
'भारत टैक्सी' पहल के तहत टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक बिना किसी कमीशन के सीधे ऐप से जुड़ सकेंगे। चालकों को 5 लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा गारंटी दी जाएगी, जिससे वे बिना किसी चिंता के अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। शुरुआती चरण में लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में यह सेवा शुरू की गई है।
लखनऊ एयरपोर्ट, मेट्रो और पुलिस के साथ इसके एमओयू भी हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि भारत टैक्सी के मॉडल पर ग्रामीण बस सेवा का विस्तार किया जाए ताकि लाखों युवाओं को रोजगार मिल सके।
किसानों के लिए कृषक समृद्धि योजना, ब्याज दर 11% से घटकर हुई 6%
अन्नदाताओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक (एलडीबी) से मिलने वाले दीर्घकालिक ऋण की ब्याज दर को 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत करने की घोषणा की।
इस योजना के माध्यम से राज्य के 5 लाख लघु एवं सीमांत किसानों को खेती-बाड़ी, कृषि यंत्रों और मशीनरी के लिए दीर्घकालिक कर्ज आसानी से मिल सकेगा। इसके साथ ही डिजिटल उर्वरक वितरण पारदर्शी बनाने के लिए 'उर्वरक सेतु' ऐप भी जारी किया गया है।
2017 से पहले के जंगलराज और बदहाल सड़कों पर सीएम का तंज
सपा-बसपा की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गाड़ियों के साथ-साथ भैंसा गाड़ी से भैंसा तक गायब हो जाता था और सिर्फ काठ की बोगी बचती थी।
गाड़ियों की चोरी कर मेरठ में स्क्रैपिंग होती थी। सड़कों की हालत ऐसी थी कि पता नहीं चलता था कि गड्ढे में सड़क है या सड़क में गड्ढा। आज यूपी में अपराध मुक्त माहौल है, 14 लाख सीसीटीवी कैमरों से निगरानी हो रही है और देश के 60 प्रतिशत से ज्यादा एक्सप्रेसवे अकेले उत्तर प्रदेश में हैं।
गन्ना किसानों का रिकॉर्ड भुगतान और घाटे से उबरे सहकारी बैंक
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया गया और 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को मुफ्त सिंचाई से जोड़ा गया।
प्रदेश की 122 चीनी मिलों में से 100 से अधिक मिलें अब चौथे दिन ही किसानों का भुगतान कर रही हैं और अब तक 3.30 लाख करोड़ का गन्ना भुगतान हो चुका है। इसके अलावा, पिछली सरकारों में बंद हो चुके 16 में से 15 सहकारी बैंक अब मुनाफे में आ चुके हैं और सहकारिता से 54 लाख नए सदस्य जुड़े हैं।