
युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लिया.Image Credit source: Northamptonshire
भारत के स्टार स्पिनर रहे युजवेंद्र चहल ने संन्यास का ऐलान कर दिया है. टीम इंडिया के लिए लंबे समय तक वनडे और टी20 क्रिकेट खेल चुके लेग स्पिनर चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकटे से खुद को अलग करने का फैसला किया है. चहल ने 2 अक्टूबर को एक सोशल मीडिया पोस्ट में ये ऐलान किया. चहल का ये ऐलान काउंटी चैंपियनशिप सीजन खत्म होने के बाद आया है, जिसमें उन्होंने नॉर्थैंप्टनशर के लिए दमदार प्रदर्शन किया. चहल ने अपने फैसले के बारे में बताते हुए कहा कि भारत के लिए टेस्ट मैच जीतने का उनका सपना अधूरा ही रह गया.
36 साल के युजवेंद्र चहल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में संन्यास का ऐलान करते हुए कहा कि जब वो 10 साल के थे, तब उन्होंने सबसे पहले रेड बॉल ही पकड़ी थी. तब से ही उनका क्रिकेट के लिए प्यार शुरू हो गया था जो सालों तक जारी रहा. चहल ने अपने टेस्ट क्रिकेट के सपने के अधूरे रहने का दर्द बयां किया और लिखा, “टेस्ट कैप हमेशा से एक सपना था, जो सालों तक मेरे साथ रहा. ये भले ही पूरा नहीं हो सका लेकिन मैं अपने सफर से संतुष्ट हूं.”
चहल ने 2009 में हरियाणा की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया लेकिन इस फॉर्मेट में उन्हें कभी भी ज्यादा सफलता नहीं मिली. उनका आखिरी मैच काउंटी चैंपियनशिप में लॉर्ड्स के मैदान पर आया. मगर वो अपने फर्स्ट क्लास करियर में 50वां मैच भी नहीं खेल पाए. अनुभवी लेग स्पिनर ने 49 मैच में 148 विकेट हासिल किए, जिसमें 6 बार उन्होंने एक पारी में 5 विकेट लिए. हाल ही में काउंटी चैंपियशिप के 5 मैच में भी उन्होंने 21 विकेट झटके.
चहल ने हालांकि साफ किया कि उनका जोश और जज्बा अभी खत्म नहीं हुआ है और वो क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे. चहल ने साथ ही कहा कि वो अभी भी भारत की वनडे और टी20 टीम में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं और इसके लिए पूरा जोर लगा देंगे. चहल ने जनवरी 2023 में आखिरी वनडे और अगस्त 2023 में भारत के लिए आखिरी टी20 मैच खेला था. इसके बाद से ही वो टीम इंडिया से बाहर हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More