ठगी के पैसों से पत्नी के लिए खरीदा मंगलसूत्र: अस्पताल में रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मांगा मोबाइल,खाते से 1.48 लाख उड़ाए; आरोपी गिरफ्तार - durg-bhilai News

Published on 10 सित॰ 2026

दुर्ग जिला अस्पताल में मरीज के परिजन से एक युवक ने रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मोबाइल मांगा। मोबाइल लेकर वह वहां से चला गया। इसके बाद उसने मोबाइल का इस्तेमाल कर बैंक खाते से 1 लाख 48 हजार 301 रुपए निकाल लिए।

.

शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से ठगी के पैसों से खरीदा गया सामान बरामद किया गया। इसमें पत्नी के लिए खरीदा गया सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल, घड़ी, पावर बैंक और 20 हजार 200 रुपए नकद शामिल हैं। बरामद सामान की कुल कीमत 55 हजार 700 रुपए है।

पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार।

पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर को ग्राम महमरा का रहने वाला कुलेश्वर निषाद अपने पिता के इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में था। उसके पिता का इलाज चल रहा था। इसलिए वह अस्पताल में उनकी देखभाल कर रहा था।

इसी दौरान एक युवक उसके पास आया। उसने कहा कि उसे अपने रिश्तेदार से जरूरी बात करनी है। उसने कुलेश्वर से फोन करने के लिए मोबाइल मांगा। कुलेश्वर ने भरोसा करके उसे अपना मोबाइल दे दिया।

युवक मोबाइल लेकर वहां से चला गया। इसके बाद उसने मोबाइल का इस्तेमाल कर कुलेश्वर के बैंक खाते से 1 लाख 48 हजार 301 रुपए निकाल लिए।

ठगी के पैसों से आरोपी ने पत्नी के लिए खरीदा मंगलसूत्र।

ठगी के पैसों से आरोपी ने पत्नी के लिए खरीदा मंगलसूत्र।

पीड़ित ने थाने में की थी शिकायत

खाते से रकम निकलने का पता चलने के बाद कुलेश्वर ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत की। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मोबाइल और खाते से जुड़े सुरागों के साथ दूसरे उपलब्ध सबूतों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।

हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम कमलजीत बांदे उर्फ कमल (29), निवासी ग्राम तमोरा, थाना रानचिरई, जिला बालोद बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अस्पताल से मोबाइल लेकर खाते से रकम निकालना स्वीकार किया।

पुलिस ने जब्त किया सामान

ठगी के पैसों का कुछ हिस्सा सामान खरीदने में खर्च किया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने का मंगलसूत्र करीब 17 हजार रुपए, एक मोबाइल करीब 16 हजार 500 रुपए, घड़ी 1 हजार रुपए, पावर बैंक 1 हजार रुपए और 20 हजार 200 रुपए नकद बरामद किए। कुल 55 हजार 700 रुपए की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के रिकॉर्ड में आरोपी का पुराना मामला भी सामने आया है। उसके नाम से थाना उतई में वर्ष 2020 का जुआ संबंधी मामला दर्ज है। इसके अलावा सिटी कोतवाली दुर्ग में वर्ष 2024 में भी मामला दर्ज हुआ था। दोनों मामलों में चालान पेश किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।