प्याज के दामों पर किसान भड़के, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन: कांग्रेस का आरोप- किसानों को 100-150 रुपए क्विंटल, व्यापारी स्टॉक कर 5-6 हजार में बेच रहे - Mandsaur News

Published on 5 सित॰ 2026

.

मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में शनिवार को प्याज के दामों को लेकर किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि उपज मंडी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में प्याज लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और किसानों को उपज का उचित दाम दिलाने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मंडी में किसानों को प्याज के महज 100 से 150 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं, जबकि कम कीमत पर प्याज खरीदकर कोल्ड स्टोरेज में रखने वाले व्यापारी इसे बाद में 5 से 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बेच रहे हैं। कांग्रेस ने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए जमाखोरी पर रोक लगाने की मांग की।

सरकार पर किसान विरोधी नीतियों का आरोप

जिला कांग्रेस महामंत्री अनिल शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों और बिचौलियों व मुनाफाखोरी को बढ़ावा देने से किसान और आम उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। उन्होंने कहा कि शकर, तेल और दालों के बाद अब प्याज भी महंगा होने से गरीबों की थाली पर असर पड़ रहा है।

शर्मा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। इससे किसान, गरीब और आम वर्ग के सामने आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।

जमाखोरों पर कार्रवाई की मांग

राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल मालवीय ने कहा कि प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने जमाखोरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। साथ ही कहा कि अधिकांश किसान अपनी प्याज की फसल बेच चुके हैं। सरकार को भविष्य में किसानों से बाजार भाव पर प्याज खरीदने की गारंटी देनी चाहिए।

संगठन के नगर अध्यक्ष भेरूपप्पू गुर्जर ने कहा कि अब कुछ ही किसानों के पास प्याज बचा है। अधिकांश किसान अपनी फसल मंडियों में बेच चुके हैं। ऐसे में बढ़ी कीमतों का फायदा किसानों के बजाय जमाखोरों को मिलने का आरोप लगाया।

किसान बोले- लागत भी नहीं निकलती

किसान पुखराज राठौड़ ने कहा कि किसानों को प्याज का उचित दाम मिलना चाहिए। उनका कहना है कि फसल तैयार करने में काफी खर्च होता है, लेकिन कई बार प्याज की कीमत इतनी कम मिलती है कि लागत भी नहीं निकल पाती। मजदूरों की मजदूरी तक किसानों को अपनी जेब से देनी पड़ती है।

प्रदर्शन में मंडलम अध्यक्ष दिनेश गुप्ता काचरिया, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष अनिल मुलासिया, किसान पुखराज राठौड़, राहुल सिंह राजपूत, रणजीत खींची, महावीर सिंह राजपूत समेत कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।