मतगणना 14 सितंबर को, 800 अधिकारी-कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगे - Tonk News

Published on 8 सित॰ 2026

.

नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का प्रचार सोमवार शाम थम गया। इसके साथ ही प्रत्याशियों ने अब घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं को साधने की कवायद शुरू कर दी है। जिले की निवाई, देवली, दूनी, उनियारा और पीपलू नगर पालिकाओं के 135 वार्डों में बुधवार (9 सितंबर) को मतदान होगा। अधिकांश वार्डों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को त्रिकोणीय या बहु कोणीय भी बना रखा है।

इन पांचों निकायों के 135 वार्डों में 135 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 532 प्रत्याशियों के चुनावी भविष्य का फैसला 90 हजार 842 मतदाता करेंगे। इनमें 45 हजार 960 पुरुष और 44 हजार 881 महिला मतदाता हैं। मतदान के बाद मतों की गणना 14 सितंबर को होगी। मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है।

पहले चरण में पुलिसकर्मियों सहित करीब 800 अधिकारी-कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगे। दूनी और पीपलू में पहली बार नगर पालिका के लिए चुनाव हो रहे हैं। अध्यक्ष पद के आरक्षण की बात करें तो दूनी में एससी महिला, जबकि देवली और पीपलू में एससी के लिए पद आरक्षित है। निवाई और उनियारा में अध्यक्ष पद अनारक्षित है।

मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। पोलिंग पार्टियों और पुलिसकर्मियों के आवागमन के लिए वाहनों का अधिग्रहण पुलिस लाइन में किया गया है। परिवहन विभाग के अनुसार मतदान दलों के लिए 35 बसें उपलब्ध रहेंगी, जबकि पुलिस व्यवस्था के लिए 105 वाहन लगाए जाएंगे। पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने और मतदान समाप्त होने के बाद वापस लाने की परिवहन व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है।

इन निकाय में निगरानी के लिए तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट के लिए करीब करीब 60 वाहनों की व्यवस्था की गई है। उनियारा| नगर पालिका चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को मतदान दल सवाई माधोपुर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय परिसर से मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदान दल आवश्यक चुनाव सामग्री एवं ईवीएम के साथ पहुंचेंगे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम मशीनों को वापस राजकीय महाविद्यालय परिसर लाया जाएगा। यहां ईवीएम मशीनों को सुरक्षित रखा जाएगा तथा परिसर में पुलिस कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। देवली| यहां बॉयज हाई सेकेंडरी स्कूल से मतदान टोलिया मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होगी। मतदान के बाद इसी स्कूल में वोटिंग मशीनें जमा होगी। बाद में 14 को इसी स्कूल में मतगणना होगी। मतदान से लेकर मतगणना के व्यवस्थित काम के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्ति किए गए है।

टोंक| नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मध्य नजर मतदान दलों का तृतीय रेण्डमाइजेशन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) टीना डाबी की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ। इसमें जिले के पहले चरण के 5 नगर निकाय क्षेत्रों के लिए गठित मतदान दलों का बूथवार रेण्डमाइजेशन किया गया। इस अवसर पर मतदान दल प्रकोष्ठ प्रभारी राकेश कुमार मीना एवं एनआईसी के डीआईओ सुशील कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे। प्रथम चरण ( देवली, उनियारा, दूनी, निवाई, पीपलू ) के लिए मंगलवार को मतदान दलों की रवानगी संबंधित निकाय मुख्यालय स्थित रवानगी स्थल से की जाएगी।