देखते ही देखते बह गई कार... उफनाते नाले में लापता हो गए पति-पत्नी, 15 घंटे से रेस्क्यू जारी

Published on 27 जुल॰ 2026

Chhattisgarh Flood: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. बरमकेला ब्लॉक के घोघरा नाला में तेज बहाव के दौरान एक कार पानी में बह गई. कार में सवार पति-पत्नी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. घटना के बाद से पुलिस, प्रशासन और बचाव दल लगातार दोनों की तलाश में जुटे हुए हैं. सोमवार सुबह तक करीब 15 घंटे बीत जाने के बावजूद रेस्क्यू जारी है.

यह हादसा सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर स्थित माधोपाली के पास घोघरा नाला में हुआ. पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पानी तेज रफ्तार से बह रहा था. इसके बावजूद एक कार नाले को पार करने की कोशिश कर रही थी. बताया जा रहा है कि उस समय नाले के ऊपर पानी बह रहा था और सड़क पूरी तरह जलमग्न थी.

पानी के तेज बहाव में बह गई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार चालक ने वाहन को आगे बढ़ाया, तेज बहाव के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया. कुछ ही क्षणों में कार पानी के तेज बहाव में बहने लगी. लोगों ने कार को रोकने और उसमें सवार लोगों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बहाव इतना तेज था कि किसी को सफलता नहीं मिल सकी. देखते ही देखते कार उफनते नाले में दूर तक बह गई और फिर पानी में समा गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. देर रात तक अंधेरे और तेज बहाव के बीच तलाशी अभियान चलाया गया. सोमवार सुबह उजाला होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा तेज कर दिया गया. गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से नाले के आसपास और बहाव वाले क्षेत्र में लगातार खोजबीन की जा रही है.

कार सवार पति-पत्नी की तलाश जारी

लगातार हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में भी काफी दिक्कतें आ रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं. जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

फिलहाल पुलिस और बचाव दल लापता दंपती की तलाश में जुटे हैं. प्रशासन का कहना है कि जब तक दोनों का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है.

अमित मिश्रा

अमित मिश्रा

छत्तीसगढ़ से आने वाले अमित मिश्रा ने पत्रकारिता की शुरुआत रायगढ़ नवभारत से की. उसके बाद राजधानी रायपुर आकर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एमएससी की पढ़ाई की. फिर स्वराज एक्प्रेस से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जमीनी पत्रकारिता की शुरुआत की. क्राइम और राजनीतिक खबरों में विशेष रुचि के साथ लंबे समय तक काम किया. स्थानीय न्यूज प्लेटफॉर्म्स जैसे INH 24, LALLURAM और सहारा समय में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम करने का मौका मिला. इसके बाद टीवी9 भारतवर्ष से जुड़े. अमित मिश्रा का करीब 15 सालों का समय पत्रकारिता में बीत चुका है. इस बीच नक्सल क्षेत्रों की ग्राउंड रिपोर्टिंग, छत्तीसगढ़ सरकारों में उठा पटक, मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार गिरने और भाजपा की सरकार बनने की पूरी पॉलिटिकल उठा पटक जैसी विशेष स्थिति में रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

Read More

google button