.
आज की सबसे बड़ी खबर लखनऊ में भाजपा और कांग्रेस के अलग-अलग प्रदर्शनों के दौरान पुलिस के साथ हुई नोकझोंक से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर अयोध्या राम मंदिर के संचालन के लिए बने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दूसरी अहम बैठक को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1- लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की, बैरिकेडिंग पर चढ़े
लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने जा रहे भाजपाइयों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने रोका तो कार्यकर्ता भड़क गए। नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता लाठियां लेकर तैनात रहीं। अजय राय ने कहा- ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के पास धरने के विरोध में भाजपाई प्रदर्शन कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

2- लखनऊ में लाठी लेकर निकले कांग्रेसी, पुलिस ने पूर्व एमएलसी को धक्का दिया
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में यूपी के विभिन्न जिलों काशी, आगरा, उन्नाव, मेरठ लखनऊ में सपा और कांग्रेस सड़क पर उतर आई। पुलिस से जगह-जगह नोकझोंक हुई। लखनऊ में कांग्रेसी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े तो तीखी नोकझोंक हुई। पूर्व एमएलसी दीपक सिंह व अन्य को पुलिस ने धक्का देकर गिरा दिया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय धरने पर वहीं बैठ गए। पूरी खबर पढ़ें

3- अखिलेश लोकसभा अध्यक्ष पर भड़के; योगी बोले- सपा-कांग्रेस छात्रों को भड़का रही
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद में बोलने का मौका न मिलने पर अखिलेश यादव स्पीकर ओम बिरला पर भड़क गए। उन्होंने कहा, यह छात्रों का मुद्दा है, राजनीति का नहीं। अवधेश प्रसाद ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा, सपा-कांग्रेस छात्रों को भड़का रही हैं। वहीं, नगीना सांसद चंद्रशेखर का धरना 50 घंटे से ज्यादा समय से जारी है। पूरी खबर पढ़ें

4- अयोध्या राममंदिर ट्रस्ट ने 5 संतों की धार्मिक समिति बनाई; CEO की नियुक्ति लटकी
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में स्थाई महासचिव और CEO के चयन पर कोई सहमति नहीं बन पाई है। चंद्रमोहन कार्यवाहक महासचिव बने रहेंगे। 2 सितंबर अगली बैठक में नए महासचिव और CEO के नामों का ऐलान किया जाएगा। प्रवक्ता और सचिव की भी नियुक्ति ट्रस्ट करेगा। 5 संतों की धार्मिक समिति बनाई गई जिसके अध्यक्ष गोविंद देव गिरि होंगे। पूरी खबर पढ़ें

5- बागपत में त्रिपुरा DGP के शव से लिपटकर रोईं पत्नी; बेटा रोते-रोते बेसुध
बागपत में त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ का बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने मुखाग्नि दी और श्मशान घाट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मंगलवार रात पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो मां फूट-फूटकर रोने लगीं। बेटे का गाल सहलाकर आखिरी बार दुलार किया। पत्नी कल्पना और बेटा अभिषेक शव से लिपटकर फफक-फफककर रो पड़े। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें...
6- विराट-अनुष्का हाथ थामकर प्रेमानंदजी से मिलने पहुंचे; वृंदावन आश्रम में एक घंटा रुके
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने बुधवार तड़के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम में दर्शन किए। बारिश के बीच विराट, अनुष्का का हाथ पकड़कर कीचड़ से गुजरते दिखे। करीब एक घंटे बाद बाहर निकले तो विराट के माथे पर चंदन का टीका और हाथ में प्रसाद था। वे मास्क लगाकर नंगे पैर आश्रम पहुंचे थे। दोनों गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम भी पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें

7- बिजनौर में गुलदार ने नहीं, बेटे ने मां को मारा था; शव के पास बैठकर खूब रोया था
बिजनौर में 70 वर्षीय महिला की मौत गुलदार के हमले में नहीं हुई थी। बेटे ने हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक, 5 लाख रुपए के मुआवजे के लालच में छोटे बेटे ने गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में उसने गुलदार के हमले की झूठी कहानी गढ़ी। पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। पूरी खबर पढ़ें

8- राज्यपाल बोलीं- हॉस्टलों में ड्रग्स सप्लाई हो रही, कुलपतियों को फोटो दिखा चुकी हूं
मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 199 मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 15 विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों के बाहर शराब की बोतलें मिलीं और बाहर से आने वाले खाने के जरिए ड्रग्स की सप्लाई हो रही है। उन्होंने कहा- मैं इसकी तस्वीरें भी हॉस्टल प्रबंधन और कुलपतियों को दिखा चुकी हूं। पूरी खबर पढ़ें

9- आगरा में वीडियो बनाकर युवक ने जान दी, बोला- मेरी पत्नी को कुछ न कहना
आगरा में एक युवक ने वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद सुसाइड कर लिया। घरवालों से माफी मांगने के साथ उसने पत्नी को कुछ न कहने की बात कही। वीडियो में कहा- पत्नी से कोई कुछ न कहे। गलती मेरी थी। मैंने शादी की, मैंने प्यार किया। उसकी सजा मुझे ही मिलनी चाहिए, उसे नहीं। न उसके घरवालों को कुछ कहना, न किसी और को। मेरे मरने के बाद पत्नी को घर भेज देना। पूरी खबर पढ़ें

10- लखीमपुर में गांवों में घुसा पानी, वाराणसी में 50 छोटे-बड़े मंदिर डूबे
यूपी में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर में शारदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही। कई गांवों में पानी घुस गया है। सड़कों व खेतों में मगरमच्छ दिखाई दे रहे हैं। घाघरा नदी के कटान से सोनभद्र में जेल की सड़क बह गई। गोंडा में नदी चेतावनी निशान से ऊपर है। वाराणसी में गंगा 10 फीट बढ़ने से 50 छोटे-बड़े मंदिर डूब गए। नोएडा में सुबह से बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें

11- हरदोई में बसों के बीच पिसी 32 साल की महिला, खड़े-खड़े सिर फटा
हरदोई में बस स्टैंड पर दो बसों के बीच में फंसकर एक महिला की मौत हो गई। दो बसें साथ खड़ी थीं। इसी दौरान महिला उनके बीच से निकलने लगी। तभी दोनों चालकों ने अपनी-अपनी बसें आगे बढ़ा दीं। इससे महिला बीच में फंस गई और खड़े-खड़े ही सिर फट गया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों के शोर मचाने पर चालकों को हादसे की जानकारी हुई। पूरी खबर पढ़ें

12- मेरठ में पति बोला- मेरी पत्नी मुस्कान-दामिनी की तरह, मुझे भी मार देगी
मेरठ में पत्नी से परेशान एक युवक ने पुलिस से जान बचाने की गुहार लगाई है। सीओ से कहा कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या करा सकती है। उसने बताया कि मुस्कान, रविता और दामिनी जैसे मामलों की तरह उसके साथ भी वारदात हो सकती है। इसलिए उसे सुरक्षा मुहैया कराई जाए। युवक ने बताया कि उसने 22 जून 2025 को युवती से लव मैरिज की थी। पूरी खबर पढ़ें

13- गाजीपुर में ट्रेन के नीचे आया एजेंट, फोन करके बोला- जल्दी आओ…अस्पताल ले चलो
गाजीपुर में चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में टिकट एजेंट के दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद उन्होंने खुद स्टेशन मास्टर को फोन कर अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई। संदीप सिंह ट्रेन में सो गए थे। नींद खुलने पर स्टेशन निकल चुका था, इसलिए तारीघाट के पास उतरने लगे। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रेन की चपेट में आ गए। संदीप पिछले 10 वर्षों से टिकट बुकिंग एजेंट हैं। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है...
14- रोडवेज बस के आगे ईंट लेकर चली पुलिस, ब्रेक लगाने को पहिए के आगे रखते रहे
हमीरपुर के राठ में ब्रेक फेल होने के बाद पुलिस ने रोडवेज बस को सुरक्षित स्टैंड तक पहुंचाया। सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी बस के आगे ईंट-पत्थर लेकर चलते दिख रहे हैं। मंगलवार को उरई डिपो की बस के ब्रेक फेल हो गए। ड्राइवर ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने ट्रैफिक हटाया और एहतियातन पहियों के आगे लगाने के लिए ईंट साथ लेकर बस को सुरक्षित पहुंचाया। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या रहेगा खास...
15- अयोध्या में संत सम्मेलन
23 जुलाई को अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस द्वारा संत सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सम्मेलन का उद्देश्य राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद श्रद्धालुओं का भरोसा फिर से मजबूत करना है।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…