बलौदा बाजार में बस-ट्रक की भीषण टक्कर : 16 से ज्यादा लोग घायल, 3 की हालत गंभीर, फोरलेन परियोजना में देरी बनी चिंता - Haribhoomi

Published on 25 जुल॰ 2026

बलौदा बाजार जिले के ग्राम सकरी के पास NH-130B पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 16 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि 3 की हालत गंभीर है।

Bus-truck head-on collision

बस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत

  • Published: 25 Jul 2026, 09:53 AM IST
  • Last Updated: 25 Jul 2026, 09:56 AM IST

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकरी के पास शुक्रवार रात लगभग 8 बजे नेशनल हाईवे-130B पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से बलौदा बाजार आ रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों का इलाज शुरू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बलौदा बाजार पुलिस, डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में सवार महिला, बच्चे और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 16 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें से अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

बलौदा बाजार जिले के ग्राम सकरी के पास NH-130B पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 16 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि 3 की हालत गंभीर है। @BalodaBazarDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/PgcR1fVfvB

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 25, 2026

फोरलेन निर्माण में देरी पर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर रायपुर-बलौदा बाजार मार्ग की बदहाल यातायात व्यवस्था और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को उजागर करता है। रायपुर से सारंगढ़ तक यह मार्ग भारी वाहनों, यात्री बसों और निजी वाहनों के कारण अत्यधिक व्यस्त रहता है। वर्तमान में सड़क इतनी संकरी हो गई है कि आमने-सामने से दो बड़े वाहन निकलने के दौरान ओवरटेक करना बेहद जोखिमभरा साबित होता है।

Balodabazar Road Accident

स्वीकृति और भूमि अधिग्रहण के बाद भी निर्माण शुरू नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि, रायपुर से सारंगढ़ तक फोरलेन सड़क की स्वीकृति, सर्वे और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद पिछले करीब दो वर्षों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। बढ़ते ट्रैफिक के कारण इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने शासन से मांग की है कि, जनसंख्या और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Balodabazar Road Accident

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)