कोहली-रोहित नहीं, बल्कि इन 2 गेंदबाजों से वेस्टइंडीज को खतरा, त्रिवेंद्रम में ऐसे मिलेगी जीत?

Published on 25 सित॰ 2026

कोहली-रोहित नहीं, बल्कि इन 2 गेंदबाजों से वेस्टइंडीज को खतरा, त्रिवेंद्रम में ऐसे मिलेगी जीत?

जडेजा और सिराज फिर दिखाएंगे पहले जैसा कमाल?Image Credit source: PTI

India vs West Indies 1st ODI: कुछ हफ्तों के ब्रेक के बाद एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम वनडे क्रिकेट में लौट रही है. रविवार 27 सितंबर से भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज शुरू होगी. इस सीरीज के साथ ही एक बार फिर भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को खेलते देखने का मौका मिलेगा. ऐसे में जाहिर तौर पर सारी चर्चा इन दोनों सितारों के इर्द-गिर्द ही घूम रही है. मगर त्रिवेंद्रम में होने वाले पहले वनडे मैच में विराट-रोहित से ज्यादा नजरें रहेंगी मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा पर, जो इस त्रिवेंद्रम में अपना कहर बरपा चुके हैं.

रोहित-कोहली पर रहेगी नजर

वनडे सीरीज का पहला मैच ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले को लेकर पहले ही विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए माहौल बन चुका है. फैंस में उत्सुकता नजर आ रही है. दोनों के बल्ले से एक दमदार पारी दिखे, यही हर किसी की ख्वाहिश होगी. खास तौर पर, जिस तरह से इंग्लैंड दौरे के आखिरी मैच में इन दोनों ने अच्छी पारियां खेली थीं, वैसा ही कुछ कमाल दिखाने की उम्मीद यहां भी है.

कोहली और रोहित कैसा प्रदर्शन करते हैं, कितने रन बनाते हैं, इसका असर जाहिर तौर पर टीम के प्रदर्शन पर भी करेगा. मगर क्या विराट या रोहित के बनाए रनों से टीम को जीत की गारंटी मिल जाएगी? ये कहना मुश्किल है क्योंकि असली कमाल तो गेंदबाज कर सकते हैं. ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए सिर्फ 2 वनडे मैच का इतिहास यही कहानी बयान करता है.

जडेजा-सिराज कर चुके खेल

इस मैदान पर भारत ने 2018 और 2023 में वनडे मैच खेले. दोनों मैच भारत ने जीते और इसकी वजह गेंदबाजी रही. दोनों ही मैच में भारत ने विरोधी टीम को सस्ते में आउट कर दिया. इसमें से एक मैच तो वेस्टइंडीज के खिलाफ ही था. 2018 में खेले गए उस वनडे में भारत ने विंडीज को सिर्फ 105 रन पर निपटाया था. जडेजा ने उस मुकाबले में 4 विकेट लिए थे. भारत ने वो मैच 9 विकेट से जीता था.

फिर 2023 में विराट कोहली और शुभमन गिल के शतक के दम पर टीम इंडिया ने 390 रन कूट दिए थे. मगर फिर मोहम्मद सिराज ने जो कहर बरपाया, वो कौन भुला सकता है. श्रीलंका ने 10 ओवर के अंदर 37 रन तक ही 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसमें से 4 विकेट सिराज के थे. यानि साफ है कि गेंदबाजों के लिए इस मैदान की पिच पर काफी कुछ होता है. अब 27 सितंबर के मुकाबले में भी इन दोनों का खेलना तय है और इसलिए फिर से इन दोनों पर नजरें रहेंगी.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button