मैसेज से लेकर मौत तक...नाना पाटेकर के आखिरी 2 घंटे 50 मिनट में क्या-क्या हुआ? जानिए

Published on 8 अक्टू॰ 2026

Nana Patekar News: लाइट, कैमरा और एक्शन की दुनिया के मंझे हुए कलाकार नाना पाटेकर अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गए. करीब 48 सालों तक उन्होंने फिल्मी दुनिया में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया. उन्होंने दर्जनों यादगार फिल्मों में शानदार अभिनय किया और लोगों के दिलों में बस गए. नाना उन चुनिंदा कलाकारों में से भी रहे, जिन्होंने अपनी शर्तों पर सिनेमा में काम किया और वैसे ही जिंदगी भी गुजारी. बॉलीवुड एक्टर होकर भी नाना सादगी की मिसाल बने.

नाना पाटेकर का निधन 75 साल की उम्र में गोवा में हुआ. फिलहाल उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है. हालांकि अभी बताया जा रहा है कि नाना का निधन कार्डियक अरेस्ट के चलते हुआ. नाना पाटेकर 75 साल के थे, पर वो फिट थे और लगातार काम भी कर रहे थे. इस साल उनकी फिल्म ‘ओ रोमियो’ आई थी. पिछले दिनों वो वेब सीरीज ‘संकल्प’ में भी अहम रोल में दिखाई दिए थे. वहीं वो आने वाले दिनों में अनीत पड्डा की फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में भी रोल निभा रहे थे.

ये भी पढ़ें: बहुत अजीब दिन है आज नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता का रिएक्शन वायरल

गोवा में अकेले थे नाना पाटेकर

नाना पाटेकर फिल्मों के साथ-साथ समाजसेवा और इवेंट्स में भी जाया करते थे. बताया जा रहा है कि एक इवेंट के सिलसिले में ही वो गोवा में थे, जो चार दिन पहले हुआ था. गोवा में जिस वक्त उनकी तबीयत बिगड़ी वो अपने फ्लैट में ही थे. आखिरी के कुछ घंटों में क्या क्या हुआ, इस बारे में मणिपाल अस्पताल के सीनियर डॉक्टर शेखर सालकर ने बताया है.

नाना के आखिरी 2 घंटे 50 मिनट

  • 2:30 बजे: डॉक्टर के मुताबिक नाना पाटेकर ने तबीयत बिगड़ने पर अपने एक दोस्त को मैसेज किया, जिसमें लिखा- अच्छा नहीं लग रहा है.
  • 4:00 बजे: रात होने की वजह से दोस्त ने मैसेज देर से देखा, पर मैसेज पढ़ते ही करीब 4 बजे दोस्त उनके घर पहुंचा.
  • 4:18 बजे: अस्पताल को एंबुलेंस भेजने के लिए कॉल आया.
  • 4:20 बजे: एंबुलेंस उनके घर पहुंची. (नाना का फ्लैट अस्पताल के बिल्कुल पास ही है)
  • 4:30 बजे: घर से नाना पाटेकर को अस्पताल में शिफ्ट किया गया.
  • 5:20 बजे: 45 मिनट से 1 घंटे तक CPR देने के बाद डॉक्टरों ने नाना पाटेकर को मृत घोषित किया.

राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

महाराष्ट्र सरकार नाना पाटेकर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देगी. राज्य के मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने नाना को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने का फैसला किया है. नाना पाटेकर की आखिरी ख्वाहिश के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार में पुणे के डोनजे गांव में उनके खेत में ही किया जाएगा.

मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.

Read More

google button