2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी झारखंड कांग्रेस, सभी 14 सीटों के लिए गठित की टीमें

Published on 13 अक्टू॰ 2026

Ranchi News : वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड कांग्रेस ने अभी से संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों के लिए संसदीय क्षेत्र टीमों के गठन की अधिसूचना जारी की है. साथ ही, इन टीमों के कामकाज और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं. इस पहल की परिकल्पना झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने की है.

इसे भी पढ़ें...

कानूनी लड़ाई में अपने ही वकील से हार गयी झारखंड सरकार
तेतुलिया लैंड स्कैम: शैलेश सिंह ने अपने और बेटे के नाम करोड़ों की संपत्ति खरीदी

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक उपाध्यक्ष को प्रभारी बनाया जाएगा. उनकी सहायता के लिए सह-प्रभारी भी नियुक्त किए जाएंगे. टीम में प्रदेश और जिला स्तर के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी और प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शामिल होंगे.

पार्टी ने सभी टीमों को अपने क्षेत्र में संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी दी है. इसके लिए पिछले तीन लोकसभा चुनावों के परिणामों का अध्ययन किया जाएगा. मत प्रतिशत में बदलाव, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी रुझानों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी.

टीमें क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों, ट्रेड यूनियन नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगी. इसके अलावा युवा और उभरते कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें संगठन में आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा.

हर लोकसभा क्षेत्र के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना

सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों के लिए वर्ष 2029 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग मास्टर प्लान तैयार किए जाएंगे. इनमें स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों, संगठन की कमजोरियों और जनसंपर्क से जुड़ी जरूरतों को शामिल किया जाएगा. हर महीने लक्ष्य तय कर उनके अनुसार काम करने की योजना बनाई जाएगी.

डिजिटल माध्यम से होगी कामकाज की समीक्षा

संगठनात्मक गतिविधियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए टीम के प्रत्येक सदस्य को JPCC ऐप के माध्यम से हर पखवाड़े अपनी कार्यप्रगति की रिपोर्ट देनी होगी. इसके अलावा Google Forms के जरिए मासिक रिपोर्ट जमा करना भी अनिवार्य किया गया है.

कांग्रेस की इस पहल का उद्देश्य चुनाव से ठीक पहले सक्रिय होने के बजाय पूरे कार्यकाल में संगठन को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाना और आंकड़ों के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार करना है. पार्टी को उम्मीद है कि इससे सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.