
पपीते की फसल पर रोटावेटर चलाता किसान.
Dhule News: महाराष्ट्र के धुले जिले में सूखे और पानी की कमी से परेशान एक किसान ने अपनी करीब तीन एकड़ पपीते की फसल पर रोटावेटर चला दिया. हैरानी की बात यह रही कि किसान ने यह कदम विधायक रोहित पवार के सामने उठाया. विधायक सूखे की स्थिति का जायजा लेने के लिए इलाके के दौरे पर थे. इसी दौरान उन्होंने किसान को खेत में फसल नष्ट करते देखा और उससे इसकी वजह पूछी.
फल नहीं आने से किसान ने नष्ट कर दी फसल
मामला चिंचवार इलाके का बताया जा रहा है. यहां किसान इसामुद्दीन पटेल ने करीब तीन एकड़ जमीन में पपीते की फसल लगाई थी. किसान के मुताबिक, फसल तैयार होने के बावजूद पानी की कमी के कारण पौधों पर फल नहीं आए. इससे उसकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा हो गया. किसान ने बताया कि उसने पपीते की फसल तैयार करने में करीब साढ़े तीन लाख रुपए खर्च किए थे, लेकिन सूखे के कारण फसल में फल नहीं आए. ऐसे में नुकसान बढ़ने के बाद उसने खेत में खड़ी फसल को ही नष्ट करने का फैसला लिया.
ये भी पढ़ें- पापा फिर जिंदा हो जाएंगे 4 साल से फ्रीजर में रखा था शव, हर महीने खर्च किए 1.60 लाख रुपए; वजह हैरान कर देगी
विधायक से किसान ने बताई परेशानी
सूखे का दौरा कर रहे एनसीपी (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार की नजर जब किसान पर पड़ी तो उन्होंने उससे फसल नष्ट करने की वजह पूछी. किसान ने विधायक को अपनी पूरी परेशानी बताई. विधायक रोहित पवार के मुताबिक, उन्होंने किसान से कहा कि फसल को कम से कम अभी रहने दें, क्योंकि सरकारी अधिकारी इलाके में सर्वे और पंचनामा कर रहे हैं. इस पर किसान ने कहा कि उसके इलाके में अब तक कोई अधिकारी नहीं आया. उसे आगे भी अधिकारी के आने की उम्मीद नहीं है. किसान की बात सुनकर विधायक ने उसे सांत्वना दी और अधिकारियों से बातचीत कर मदद दिलाने का आश्वासन दिया.
पंचनामा के लिए फसल रहने दें, विधायक ने कहा
रोहित पवार ने कहा कि वह इलाके से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने किसान को पपीते के खेत में ट्रैक्टर चलाते देखा. पूछने पर किसान ने बताया कि उसने करीब साढ़े तीन लाख रुपए खर्च किए, लेकिन सूखे के कारण फसल में फल ही नहीं आए. विधायक ने किसान से कहा कि सरकारी प्रक्रिया के लिए फसल को अभी नष्ट न करें और अधिकारियों से पंचनामा करवाएं. हालांकि, किसान ने अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने की बात कही.
पालकमंत्री पर रोहित पवार का तंज
इस घटना के बाद विधायक रोहित पवार ने धुले जिले के पालकमंत्री जयकुमार रावल पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि किसानों की फसल सूखे की वजह से बर्बाद हो रही है और किसानों को मदद की जरूरत है. रोहित पवार ने तंज कसते हुए कहा कि पालकमंत्री को नाच-गाने में व्यस्त रहने के बजाय किसानों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए.
रोहित पवार ने सरकार और प्रशासन से सूखे से प्रभावित किसानों की स्थिति का जायजा लेकर जरूरी मदद उपलब्ध कराने की मांग की. फिलहाल किसान के खेत में पपीते की फसल नष्ट किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सूखे और किसानों की आर्थिक परेशानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More