अरब सागर में पकड़ी 3000 करोड़ की ड्रग्स

Published on 30 सित॰ 2026 अरब सागर में पकड़ी 3000 करोड़ की ड्रग्स

By: Shailendra Dixit | Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 19:09:31 (IST)

गुजरात एटीएस, सीआईए और आईसीजी ने की बड़ी कार्रवाई, पकड़े गए आरोपियों से ड्रग्स नेटवर्क की जुटाई जा रही जानकारी, 5 पाकिस्तानियों को बोट से किया गया अरेस्ट, 526 किलो हाई-ग्रेड हेरोइन और मेथामफेटामाइन पकड़ी गई

नई दिल्ली(इंटरनेट डेस्क): भारतीय एजेंसियों ने लक्षद्वीप के पास अरब सागर में ईरानी नाव से ड्रग्स की एक बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में पांच पाकिस्तानियों को पकड़ा गया है। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वाड, सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी और इंडियन कोस्ट गार्ड के ज्वाइंट ऑपरेशन में भारत को ये ड्रग्स के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अरब सागर में चलाए गए इस ज्वाइंट ऑपरेशन की जानकारी और वीडियो इंडियन कोस्ट गार्ड ने एक्स पर शेयर किया है। इस कार्रवाई में 526 किलो हाई-ग्रेड हेरोइन और मेथामफेटामाइन पकड़ी गई, जिसकी कीमत 3,000 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।


कैसे दिया ऑपरेशन को अंजाम
सुरक्षा एजेंसियों को ड्रग्स की बड़ी खेप ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एटीएस गुजरात और सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी, इंडियन कोस्ट गार्ड की यूनिट ने अरब सागर में लक्षद्वीप के पास एक ज्वाइंट ऑपरेशन में एक संदिग्ध ईरानी नाव को रोका। 'पुख्ता पहचान, लगातार ट्रैक करने और फिर पीछा करते हुए फुर्ती से नाव पर चढ़ाई की कार्रवाई की गई, जिससे नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया।

सभी आरोपी पेशावर के रहने वाले
गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी पाकिस्तान के पेशावर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जिनकी शिनाख्त मोहम्मद याकूब, शकीरुल्लाह, फरीदुल्लाह, अहमद खान और वाहिदुल्लाह खान के तौर पर हुई है। एजेंसियां अब इन सभी से पूछताछ कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वे इस नाव को कहां से लेकर निकले थे। उनके संपर्क में रहने वाले लोगों और संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

ड्रग तस्करी पर बड़ा प्रहार
भारतीय तटरक्षक ने जहाज, उसके चालक दल और जब्त की गई ड्रग्स को अपनी सुरक्षा में मुंबई पहुंचाया है। अब वहां संयुक्त पूछताछ की जाएगी और कई एजेंसियां मिलकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी। भारतीय तटरक्षक के मुताबिक, यह ऑपरेशन अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है। इस कार्रवाई को समुद्री क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने की दिशा में अहम सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।