सीवान के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सारीपट्टी गांव निवासी द्वारिका नाथ उपाध्याय की सोमवार को एनएच-331 पर अनियंत्रित वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
.
उनका कहना है कि एनएच पर बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों पर प्रशासन नियंत्रण नहीं कर पा रहा है, जिसके कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय मधुसूदन उपाध्याय के पुत्र द्वारिका नाथ उपाध्याय सोमवार को पड़ोस के घर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मलमलिया की ओर से भगवानपुर हाट की तरफ जा रही
एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में आ गई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर हाट पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, सीवान रेफर कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो पुत्र चंद्रभाल और चंद्रकेतु दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। पिता की मौत की खबर मिलते ही दोनों के घर लौटने की तैयारी शुरू हो गई। वहीं पत्नी चिंतामणि देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
द्वारिका नाथ उपाध्याय के असामयिक निधन से पूरे सारीपट्टी गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे।
नियमित गश्ती और सख्त कार्रवाई की मांग की
घटना के बाद ग्रामीणों ने एनएच-331 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित गश्ती और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।
इधर, भगवानपुर हाट थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजकर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया था।
परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज
इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गई। सदर अस्पताल टीओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा फरार वाहन और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।