36 घंटे से ED की रेड... मोहाली में GMADA दफ्तर के बाहर AAP का हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की

Published on 24 सित॰ 2026

पंजाब के मोहाली में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी GMADA के दफ्तर में पिछले करीब 36 घंटे से ED की रेड जारी है. मनी लॉन्ड्रिंग, बिल्डरों को चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) और अन्य शुल्कों में कथित राहत देने के साथ-साथ अनियमितताओं और रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की जा रही है.

ED की कार्रवाई के बीच गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने GMADA कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और ED के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही आरोप लगाया कि कहा कि जहां-जहां चुनाव होते हैं वहां पर केंद्रीय जांच एजेंसियों को आगे करके एक दबाव की राजनीति करने का प्रयास किया जा रहा है.

कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई

AAP कार्यकर्ताओं का आरोप है किपंजाब के सरकारी अफसरों को ED के नाम पर डराया जा रहा है. इसके साथ ही पंजाब के आम आदमी पार्टी के नेताओं और मंत्रियों पर भी दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है. इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता जबरन GMADA दफ्तर का गेट खुलवा कर अंदर दाखिल हो गए और केंद्र सरकार और ED के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

वहीं, ED की टीम के साथ आए सीआरपी के जवानों ने GMADA दफ्तर के अंदर मोर्चा संभाल लिया और मुस्तैद दिखाई दिए. वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी पंजाब पुलिस से लगातार उल्झते रहे ताकि वो अंदर जाकर ED की टीमों के सामने विरोध कर सकें. इस दौरान पंजाब पुलिस के साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की भी हुई.

अंदर ED की रेड, बाहर धरने पर AAP कार्यकर्ता

सीआरपी के जवानों द्वारा GMADA दफ्तर में घुसने से रोके जाने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उसके बाहर ही धरने पर बैठ गए जबकि अंदर ED की रेड जारी रही. बाद में पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पीछे खदेड़ दिया. इस दौरान तोड़फोड़ की घटना भी हुई, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने ED की टीम में शामिल एक गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और हवा निकाल दी.

वहीं, AAP विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा का आरोप है कि ED का इस्तेमाल चुनाव के आसपास ही क्यों किया जा रहा है. उन्होंने इसे सरकार का पुराना पैतरा करार दिया. फिलहाल, ईडी के कार्रवाई को लेकर पंजाब की राजनीति में उथल-पूछल मची है.

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button