झालावाड़ में भीषण हादसा: बेकाबू बस ने जायरीनों को कुचला, कोटा के 4 लोगों की मौत, 6 घायल

Published on 16 अग॰ 2026

Jhalawar News: राजस्थान के झालावाड़ जिले में पातला पीर धार्मिक स्थल के पास शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है. दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं को एक बेकाबू प्राइवेट बस ने कुचल दिया था. तीन घायलों ने शनिवार रात को ही इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था, जबकि एक और गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में घायल दो अन्य लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है.

सारोला थाना पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब 8 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि तेज बारिश के कारण पातला पीर घाटी के ढलान पर काफी फिसलन हो गई थी. श्रद्धालुओं को लेकर आई प्राइवेट बस जब वापस लौट रही थी, तभी ढलान पर अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े श्रद्धालुओं को रौंदती चली गई.

मृतकों की हुई पहचान, कोटा में पसरा मातम

सारोला थाना पुलिस ने चारों मृतकों के शवों की पहचान कर ली है. सभी मृतक कोटा जिले के रहने वाले थे:

  1. हामिद खान (निवासी: रामगंजमंडी, कोटा)

  2. तालिब (निवासी: रामगंजमंडी, कोटा)

  3. रेहान (उम्र 20 वर्ष) (निवासी: रामगंजमंडी, कोटा)

  4. अल्फेज (उम्र 25 वर्ष) (निवासी: गोविंद नगर, कोटा)

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और कोटा व रामगंजमंडी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

सारोला थाना पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने बताया कि जिस बस से हादसा हुआ, वह भी श्रद्धालुओं को लेकर ही पातला पीर आई थी. पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. 6 घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के साथ ही मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है.

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button