Stock Market Crash: आज 400000 करोड़ रुपये स्वाहा, शेयर बाजार में दिनभर मचा रहा कोहराम

Published on 24 सित॰ 2026

शेयर बाजार में सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को दिनभर गिरावट हावी रही. बुरी तरह टूटकर ओपन हुए सेंसेक्स-निफ्टी इंडेक्स कारोबार आगे बढ़ने के साथ बिखरते हुए चले गए. Stock Market की क्लोजिंग पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1247 अंक का गोता लगाकर 73,580 के लेवल पर बंद हुआ, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 383 अंक फिसलकर 23,063 पर क्लोज हुआ. बाजार की इस गिरावट में शेयर बाजार निवेशकों के 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए. 

सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ा क्रैश 
गुरुवार को शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत से अंत तक गिरावट का सिलसिला जारी रहा. BSE Sensex अपने पिछले बंद 74,828 की तुलना में पहले तेज गिरावट के साथ 74,272 पर खुला और फिर बाजार बंद होने तक ये फिसलता ही चला गया. अंत में 1247 अंक या 1.67 फीसदी टूटकर ये इंडेक्स 73,580.54 पर क्लोज हुआ. 

बात NSE Nifty की करें, तो ये 50 शेयरों वाला इंडेक्स बुधवार के अपने बंद 23,446 की तुलना में बिखरते हुए 23,221 पर ओपन हुआ था और कारोबार के अंत में इसने 283.70 अंक या 1.64 फीसदी गिरकर 23,063.10 पर क्लोजिंग की. 

सम्बंधित ख़बरें

निवेशकों की इतनी रकम हुई स्वाहा
Stock Market Crash के चलते शेयर बाजार में पैसे लगाने वालों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा. इस नुकसान का अंदाजा बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन में आई गिरावट के आधार पर लगाया जा सकता है. दरअसल, बीते कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप (BSE MCap) क्लोजिंग के समय 4,85,01,353.85 करोड़ रुपये रिकॉर्ड किया गया था.

जबकि गुरुवार को बड़ी गिरावट लेकर बंद होने के बाद ये आंकड़ा भी गिरकर 4,80,99,180.54 करोड़ रुपये रह गया. इस हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो निवेशकों के 4,02,173 करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. 

इन शेयरों में भूचाल सा नजारा
शेयर मार्केट में क्रैश के बीच तमाम बड़ी कंपनियों के स्टॉक बुरी तरह टूटे. इनमें सबसे ऊपर बीएसई मिडकैप में शामिल Policy Bazar Share रहा, जो 35.98% फिसल गया और इसके निवेशकों के लिए बुरा दिन साबित हुआ. वहीं अन्य गिरावट वाले शेयरों पर नजर डालें, तो इसमें MFSL Share (9.81%), AU Bank Share (4.95%), IDFC First Bank (4.70%) टूटकर बंद हुए. 

बीएसई की स्मॉलकैप कैटेगरी में शामिल Ujjivan Small Finance Bank Share (5%), STL Tech Share (4.99%), PNB Housing Share (3.93%) और Welcorp Share (3.80%) गिरकर क्लोज हुए. अब बात करें, लार्जकैप में शामिल बड़े शेयरों के बारे में, तो इस कैटेगरी में सबसे ज्यादा टूटने वाले शेयरों में Bajaj Finance (5.47%), Axis Bank Share (4.87%), Bajaj Finserve Share (4.06%), IndiGo Share (2.78%), Trent Share (2.75%), M&M Share (2.31%) और Reliance Share (2.25%) की गिरावट के साथ शामिल रहे.

(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)

---- समाप्त ----